Udaipur Times , Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के गुरुग्राम में CM सैनी जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में एक्शन मोड में नजर आए। इस दौरान लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने पटवारी मंदीप हुड्डा को सस्पेंड कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, पटवारी पर काम में गड़बड़ी और रिटायर्ड चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) की बेटी से दुर्व्यवहार के आरोप लगे हैं।
इसके अलावा, देर शाम CM के आदेश पर नगर निगम के XEN सुंदर श्योराण को लापरवाही के मामले में सस्पेंड कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, 3 दिन पहले ही निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने यूएलबी डिपार्टमेंट में श्योराण के खिलाफ चार्जशीट करने की शिफारिश की थी। श्योराण ने स्वीपिंग मशीनों को हैंडओवर सही से नहीं किया था। उनके पुर्जे तक गायब थे।
इसके साथ ही CM ने प्रॉपर्टी ID में लापरवाही पर नगर परिषद पटौदी-जटौली मंडी के म्युनिसिपल इंजीनियर (ME) और बिल्डिंग इंस्पेक्टर पर भी कार्रवाई की। दोनों की तीन महीने की आधी सैलरी काटने के आदेश जारी किए। वहीं, मुख्यमंत्री ने सड़क मरम्मत में लापरवाही बरतने पर PWD के अधिकारी का एक महीने का वेतन काटने के निर्देश दिए।
मिली जानकारी के अनुसार, एडवोकेट राजेश कुमार ने बैठक में बताया कि सेक्टर-7 निवासी रितूल यादव के पिता डॉ. केसी यादव CMO पद से रिटायर्ड थे। उनके निधन के बाद रितूल अपनी मां और भाई के साथ वारिसान सर्टिफिकेट बनवाने गई थी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में प्रॉपर्टी ट्रांसफर के लिए यह सर्टिफिकेट मांगा गया था।
एडवोकेट ने बताया की जब रितूल पटवारी मंदीप हुड्डा के पास पहुंची तो उन्होंने परिवार को व्यक्तिगत तौर पर जानने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पटवारी ने उनके साथ सही व्यवहार नहीं किया। इसके बाद एडवोकेट राजेश और पीड़ित परिवार ने बैठक में शिकायत रखी। कई अन्य लोगों ने भी पटवारी के व्यवहार को लेकर शिकायत दी।
शिकायत सुनने के बाद CM ने पटवारी मंदीप हुड्डा को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।