हरियाणा की बेटी सोनिया ने रचा इतिहास, 21 की उम्र में बनी सब-लेफ्टिनेंट
Udaipur Times, Haryana News : "म्हारी छोरियां किसी छोरों से कम नहीं हैं" हरियाणा की बेटियां एक बार फिर इस कहावत को सच साबित कर रही हैं। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के झगडोली गांव की 21 साल की सोनिया सोनी ने भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट बनकर जिले और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के साथ वह अपने गांव की पहली महिला सैन्य अधिकारी बन गई हैं। उनकी सफलता से परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
सोनिया ने 29 जून 2026 को केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी (INA) जॉइन कर ली है, जहां वह 11 महीने का सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
पिता से मिली देशसेवा की प्रेरणा
सोनिया के पिता प्रदीप कुमार सोनी भारतीय नौसेना में कमांडर हैं। बचपन से उन्हें पिता की वर्दी देखकर देशसेवा की प्रेरणा मिली और उन्होंने सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय कर लिया। उनके दादा नोबतराम सोनी एक प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं।
भोपाल से की बीटेक
सोनिया ने प्रारंभिक शिक्षा नेवी चिल्ड्रन स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वेलोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT), भोपाल से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्होंने पूरी लगन के साथ भारतीय नौसेना में अधिकारी बनने की तैयारी शुरू की।
दो बार पास की SSB परीक्षा
सब-लेफ्टिनेंट बनने का सफर आसान नहीं था। सोनिया ने कठिन सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (SSB) परीक्षा की तैयारी के लिए लगातार मेहनत की और महज 21 वर्ष की उम्र में दो बार SSB परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
उनकी सफलता से गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सोनिया ने महेंद्रगढ़ ही नहीं, पूरे हरियाणा की बेटियों के लिए नई मिसाल कायम की है और अब वह सेना में जाने का सपना देखने वाली युवतियों के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
