हरियाणा की बेटी तन्नू ने रचा इतिहास, पिता को वर्दी में देख खुद बनी सेना में लेफ्टिनेंट
Udaipur Times, Tanu Yadav : हरियाणा वासियों के लिए गर्व की बात है। खेल और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाला भिवानी जिला अब भारतीय सेना में भी बेटियों की उपलब्धियों से गौरवान्वित हो रहा है। जानकारी के लिए आपको बता दें की जिले के गांव नंदगांव की बेटी तन्नू यादव भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनी हैं। उनका चयन आर्मी नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। तन्नू ने अपनी सफलता से साबित किया है कि जो मेहनत करते हैं और कुछ कर गुजरने का जनून रखतें है वो एक दिन जरुर इतिहास रचते हैं।
तन्नू यादव की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिल्ली में आयोजित रैंक सेरेमनी के दौरान उनके दादा रामफल यादव, पिता सूबेदार मेजर सुशील कुमार और माता मुकेश देवी ने उन्हें स्टार लगाकर बधाई दी। परिवार के लिए यह पल गर्व और भावनाओं से भरा रहा। दादा-दादी रामफल यादव और बिमला देवी भी अपनी पोती की सफलता से बेहद खुश हैं।
आपको बता दें की तन्नू यादव का परिवार लंबे समय से देशसेवा और शिक्षा से जुड़ा रहा है। तन्नू के पिता सुशील कुमार भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि मां मुकेश देवी गृहिणी हैं। भाई भी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। बचपन से पिता को सेना की वर्दी में देखकर तन्नू के मन में भी सेना का हिस्सा बनने की इच्छा जागी।
इसके साथ ही अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए तन्नू यादव ने कहा कि, "भारतीय सेना की वर्दी पहनना और देश के वीरों की सेवा करने का अवसर पाना मेरे लिए सर्वोच्च सम्मान की बात है। तन्नू ने बताया की मेरे दादा और पिता ने हमेशा मुझे अनुशासन, ईमानदारी और देशप्रेम का पाठ पढ़ाया। पिता को सेना में सेवा करते देखकर मन में भी देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा पैदा हुई थी।