विदेश की धरती पर चमकेगा हरियाणा की बेटी का नाम, नीरू ढांडा हुई लंदन में हरियाणा गौरव अवॉर्ड के लिए नामांकित
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के जींद जिले के सांगतपुरा गांव की अंतरराष्ट्रीय शॉटगन निशानेबाज नीरू ढांडा ने हाल ही में जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में तीन पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनके शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें लंदन में आयोजित होने वाले हरियाणा गौरव अवॉर्ड 2026 के लिए नामांकित किया गया है। समारोह 14 नवंबर 2026 को लंदन, यूनाइटेड किंगडम में आयोजित होगा।
नीरू ने एशियन गेम्स में दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण, महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत तथा मिक्स्ड टीम ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर वह इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनीं।
हरियाणा इन यूके एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कुलदीप अहलावत की ओर से नीरू को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। निशानेबाजी के क्षेत्र से इस सम्मान के लिए नामांकित होने वाली वह दूसरी खिलाड़ी होंगी। इससे पहले ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को यह सम्मान मिल चुका है। इस तथ्य की एसोसिएशन से आधिकारिक पुष्टि की जानी है।
भारतीय सेना की कॉर्प्स ऑफ मिलिट्री पुलिस में नायब सूबेदार के पद पर सेवारत नीरू खेल और राष्ट्रसेवा, दोनों क्षेत्रों में समर्पण का उदाहरण हैं। उनकी सफलता हरियाणा की खेल प्रतिभा और भारतीय महिला खिलाड़ियों की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को दर्शाती है।
इस अवसर पर खेल प्रेरक हरियाणा राजनारायण पंघाल ने नीरू को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में तीन पदक जीतना उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का प्रमाण है। हरियाणा की बेटियां खेलों में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। नीरू धांडा की उपलब्धियां प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगी।
समारोह का विवरण
- सम्मान: हरियाणा गौरव अवॉर्ड 2026
- खिलाड़ी: नीरू ढांडा
- तारीख: 14 नवंबर 2026
- स्थान: लंदन, यूनाइटेड किंगडम
जारीकर्ता:
राजनारायण पंघाल
खेल प्रेरक, हरियाणा
अधिवक्ता एवं खेल पत्रकार