हरियाणा के ऊर्जा मंत्री की अधिकारियों को दो टूक : काम में देरी व लापरवाही नहीं बर्दाश्त, समयबद्ध काम करें वरना होगी सख्त कार्रवाई
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सख्त अंदाज विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वो जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने दो टूक कहा कि काम में बेवजह देरी और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। खासकर इंतकाल जैसे मामलों में लोगों को महीनों तक दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ें, यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा ऐसी शिकायतें सामने आती हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह रहने और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए।
विज आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इंतकाल कराने के मामलों में हो रही देरी के अलग-अलग मामलों में आज कड़ा संज्ञान लिया और सभी मामलों में एसडीएम अम्बाला कैंट को जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए उसे निलंबित किया जाए। उन्होंने इन मामलों की जांच रिपोर्ट भी देने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष अम्बाला छावनी निवासी महिला ने शिकायत देते हुए कहा कि बीते कुछ माह से तहसील कार्यालय के वह चक्कर लगा रहे हैं मगर उन्हें अलग-अलग बहाने बनाकर उनका इंतकाल लटकाया जा रहा है। इसी प्रकार एक अन्य मामले में अम्बाला छावनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसका इंतकाल बीते कुछ समय से नहीं हो रहा। वह पटवारी के पास गया तो अलग-अलग बहाने बनाकर उसे वापस लौटा दिया गया। इसी प्रकार इंतकाल नहीं होने के अन्य मामले आने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इनपर कड़ा संज्ञान लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अम्बाला छावनी एसडीएम को विशेष कैंप लगाकर पेंडिंग इंतकाल निपटाने के निर्देश दिए।
वहीं, आज जनसमस्याओं को सुनने के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज का कई लोगों ने शहीद स्मारक निर्माण को लेकर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्मारक निर्माण कर जो कार्य मंत्री अनिल विज द्वारा किया गया है वह हमेशा याद रखा जाएगा। इस एक प्रशंसक ने शहीद स्मारक बनने व उनकी कार्यशैली से प्रभावित होकर गीत भी सुनाया।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने एसई को लगाई कड़ी फटकार
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष लगभग सवा लाख बिजली बिल पेंडेंसी का मामला सामने आया जिसपर वह नाराज हुए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता से पिछले काफी अर्से से नियमित तौर पर बिजली बिल की वसूली क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि समय पर बिल वसूला जाता तो उपभोक्ता का सवा लाख बिल नहीं बनता। उन्होंने मौके पर मौजूद बिजली निगम एसई को मामले में कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि समयबद्ध बिल क्यों नहीं वसूला जा रहा? उन्होंने भविष्य में ऐसी शिकायत आने पर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
गरनाला में शहीद का बोर्ड तोड़ने के मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष गांव गरनाला के शहीद गुरसेवक सिंह के पिता ने शिकायत देते हुए बताया कि गांव के गेट पर शहीद का बोर्ड शरारती तत्वों द्वारा तोड़ा गया है व गायब कर दिया गया है। मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पंजोखरा थाने के एसएचओ को इस मामले में कार्रवाई कर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा मामले में जो दोषी पाया जाए उसपर सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
डेढ़ साल से नहीं लगी विधवा पेंशन, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने निलंबन के निर्देश दिए
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष अम्बाला छावनी निवासी महिला ने शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि डेढ़ साल से पेंशन विभाग द्वारा उसकी विधवा पेंशन नहीं लगाई गई है जबकि वह विभागीय कार्यालय के चक्कर काट-काटकर थक चुकी है। उसका आरोप था कि पेंशन विभाग लगातार टाल-मटोल कर रहा है। महिला की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने विभागीय स्टाफ को फटकार लगाई और एसडीएम को इस मामले में जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए उसे तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाए। उन्होंने कहा कि महिला की डेढ़ वर्ष से पेंशन नहीं लगना यह विभागीय कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रश्नचिन्ह है।
प्लाट खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी, मंत्री अनिल विज ने डीलर पर केस दर्ज करने के निर्देश दिए
ऊर्जा मंत्री अनिल विज को फरियादी ने शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि उसने कुछ वर्ष पूर्व जग्गी प्रापर्टी डीलर से प्लाट की खरीद की थी। मगर इसके बाद डीलर द्वारा न तो उसे प्लाट दिया गया और न ही उसकी राशि उसे वापस लौटाई गई। अब वह डीलर से बात करता है तो उसे धमकियां दी जा रही है। मंत्री अनिल विज ने एसपी अम्बाला को मामले में केस दर्ज करने निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अवैध स्लॉटर हाउस को तुरंत प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए
ऊर्जा मंत्री अनिल विज को बीडी फ्लोर मील के पिछले क्षेत्र से आए लोगों ने शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में एक अवैध स्लॉटर हाउस चल रहा है जिससे इलाके के निवासियों को वहां रहना दुर्भर हो गया है। स्लॉटर हाउस के कारण दुर्गंध और गंदगी रहती है। मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद के ईओ को निर्देश दिए कि शाम तक अवैध स्लॉटर हाउस बंद होना चाहिए। उन्होंने पुलिस को भी मौके पर भेज कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनेतपुर में ट्यूबवेल फेल, मंत्री अनिल विज ने जांच के निर्देश दिए
गांव जनेतपुर निवासी लोगों ने ऊर्जा मंत्री को शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में ट्यूबवेल के लिए बोर किया गया था, मगर उसमें से गंदा पानी आ रहा है। गांववासियों के साथ अन्य लोगों का भी आरोप था कि विभाग द्वारा बीते कुछ समय से कई गांवों में बोर किए गए, मगर वहां ट्यूबवेल फेल हुए। उनका आरोप था कि विभागीय लापरवाही की वजह से बोर ठीक नहीं हो रहे है जिससे सरकारी राशि का नुक्सान हो रहा है। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में भी जांच के निर्देश दिए।
महेशनगर थाना एसएचओ को मंत्री विज ने लगाई फटकार
ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष महेशनगर थाना क्षेत्र से मारपीट, महिला उत्पीड़न, मंदिर विवाद एवं अन्य कई शिकायतें आई जिन पर उन्होंने कड़ा संज्ञान लेते हुए महेशनगर थाना एचएचओ को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि थाने स्तर पर इन शिकायतों का निपटान होना चाहिए, मगर पुलिस क्यों मामलों में कार्रवाई नहीं कर रही। अलग-अलग शिकायतों पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष करधान में गली के बीच में ट्रांसफार्मर लगे होने, टुंडला निवासी महिला ने मारपीट मामले में कार्रवाई नहीं होने, दलीपगढ़ में गेट निर्माण को लेकर विवाद होने, डिफेंस कालोनी में 33केवी लाइन को शिफ्ट करने, पटेल नगर में चोरी के मामले में कार्रवाई नहीं होने, धनकौर में प्लाट खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी करने, डिफेंस कालोनी सेक्टर-डी के एक हिस्से में रोड बनाने के अलावा अन्य कई शिकायतें ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष आई जिनपर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, नप अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद व अन्य मौजूद रहे।