हरियाणा की पहली नमो भारत ट्रेन को मिली रफ्तार, गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा होंगे सीधे कनेक्ट
Udaipur Times, Namo Bharat train : दिल्ली-NCR के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा को जल्द अपनी पहली नमो भारत (Namo Bharat) रैपिड रेल मिलने जा रही है। यह हाई-स्पीड कॉरिडोर गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा को सीधे जोड़ेगा, जिससे तीनों शहरों के बीच सफर पहले से कहीं अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा RRTS कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) को मंजूरी के लिए भेज दी है। संबंधित विभागों से हरी झंडी मिलने के बाद इसे राज्य कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
63 किलोमीटर लंबा होगा कॉरिडोर
प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई 63 किलोमीटर होगी। इसमें 50 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 13 किलोमीटर उत्तर प्रदेश में होगा। इस रूट पर 7 नमो भारत स्टेशन और 15 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।
गुरुग्राम में बनेंगे तीन नमो भारत स्टेशन (Namo Bharat Station)
गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन की शुरुआत इफको चौक (IFFCO Chowk) से होगी। यहां इफको चौक, सेक्टर-61 और ग्वाल पहाड़ी में तीन नमो भारत स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-29, मिलेनियम सिटी सेंटर (येलो लाइन इंटरचेंज), सेक्टर-52/52ए, वजीराबाद और सेक्टर-57 में पांच नए मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं।
फरीदाबाद में ये स्टेशन बनेंगे
फरीदाबाद में रैपिड रेल गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के रास्ते प्रवेश करेगी। यहां सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक (वॉयलेट लाइन इंटरचेंज) और सेक्टर-87/88 चौराहा पर तीन नमो भारत स्टेशन बनाए जाएंगे। साथ ही एनआईटी-3, एनआईटी-1, सेक्टर-12/13/14/15 चौराहा, सेक्टर-80, सेक्टर-81/82 चौराहा, सेक्टर-85/86 चौराहा और बादशाहपुर में सात नए मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में होंगे ये स्टेशन
रैपिड रेल एफएनजी एक्सप्रेसवे के जरिए यमुना पार कर उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। यहां नोएडा सेक्टर-142 (एक्वा लाइन इंटरचेंज) और सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा) में नमो भारत स्टेशन बनाए जाएंगे।
इसके अलावा सेक्टर-135, सेक्टर-141 और सुथियाना में तीन नए मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं।
सिर्फ 50 मिनट में पूरा होगा सफर
फिलहाल गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा जाने में सड़क मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। इस रैपिड रेल कॉरिडोर के शुरू होने के बाद गुरुग्राम से नोएडा का सफर महज 50 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे लाखों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
दो बड़े एयरपोर्ट भी होंगे आपस में कनेक्ट
यह कॉरिडोर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच बेहतर कनेक्टिविटी भी उपलब्ध कराएगा। खास बात यह है कि सूरजपुर स्टेशन भविष्य में प्रस्तावित गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट रैपिड रेल कॉरिडोर का इंटरचेंज स्टेशन भी होगा, जहां यात्री आसानी से दूसरी रैपिड रेल बदल सकेंगे।
दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) से मिलेगा सीधा कनेक्शन
यह रैपिड रेल कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन, वॉयलेट लाइन, नोएडा की एक्वा लाइन और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो को एकीकृत नेटवर्क से जोड़ेगा। इससे यात्रियों को बिना ज्यादा इंटरचेंज के दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों तक तेज और आसान यात्रा का विकल्प मिलेगा।
19,390 करोड़ रुपये की लागत
डीपीआर के मुताबिक इस परियोजना पर करीब 19,390 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 10,102 करोड़ रुपये बैंक ऋण से जुटाए जाएंगे। हरियाणा सरकार 4,555 करोड़ रुपये, केंद्र सरकार 3,367 करोड़ रुपये और उत्तर प्रदेश सरकार 1,364 करोड़ रुपये का योगदान देगी।
2028 तक शुरू होने की उम्मीद
फिलहाल इस परियोजना की आधिकारिक लॉन्च तारीख घोषित नहीं की गई है। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार, सभी मंजूरियां मिलने और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद साल 2028 के मध्य तक नमो भारत रैपिड रेल (Namo Bharat Rapid Rail) सेवा शुरू होने की संभावना है। इससे दिल्ली-एनसीआर की परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी और सड़क पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी कम होगा।
