हरियाणा के मॉडल संस्कृति, PM श्री-सीएमईई स्कूलों के लिए नई शिक्षक तैनाती नीति लागू ! अब ऐसे मिलेगी नियुक्ति
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति (जीएमएस), पीएम श्री और सीएमईई स्कूल शिक्षक तैनाती नीति-2026 लागू कर दी है। यह नीति 30 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी और शिक्षक स्थानांतरण नीति-2026 की उप-नीति के रूप में लागू रहेगी।
नई व्यवस्था के अनुसार अंतिम मेरिट 100 अंकों पर तैयार होगी। इसमें 40 अंक (पीआरटी और एचटी के लिए 30 अंक) शैक्षणिक योग्यता तथा 60 अंक (पीआरटी और एचटी के लिए 70 अंक) लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के होंगे। दसवीं, बारहवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और बीएड के अंकों के आधार पर अकादमिक अंक दिए जाएंगे।
नीति के तहत 55 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षक स्क्रीनिंग परीक्षा में भाग नहीं ले सकेंगे। स्क्रीनिंग परीक्षा उत्तीर्ण करने की वैधता तीन वर्ष रहेगी।
तैनाती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। विभाग पहले रिक्त पदों और पात्र शिक्षकों की सूची जारी करेगा। इच्छुक शिक्षकों को ओटीपी आधारित सहमति देनी होगी। स्क्रीनिंग उत्तीर्ण शिक्षकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण तथा अध्ययन भ्रमण में भी प्राथमिकता दी जाएगी। प्रमोशन मिलने पर पहले की स्क्रीनिंग स्वतः समाप्त हो जाएगी और दोबारा स्क्रीनिंग परीक्षा देनी होगी। ब्यूरो
पहले और अब अब
पहले मॉडल संस्कृति, पीएमश्री और सीएमईई स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए एक समान और विस्तृत अलग तैनाती नीति लागू नहीं थी। विभिन्न चरणों में स्क्रीनिंग या सामान्य स्थानांतरण के माध्यम से नियुक्तियां होती थीं, लेकिन प्रक्रिया और कार्यकाल के स्पष्ट नियम तय नहीं थे।
नई शिक्षक तैनाती नीति-2026 में पहली बार मेरिट आधारित, एकीकृत और ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है। अब इन स्कूलों में नियुक्ति के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा पास करना जरूरी होगा। अंतिम मेरिट 100 अंकों के आधार पर बनेगी, जिसमें शैक्षणिक रिकॉर्ड और लिखित परीक्षा दोनों को महत्व दिया जाएगा।
इन्हें होगा फायदा
इसका सबसे बड़ा लाभ मेधावी और योग्य शिक्षकों को मिलेगा क्योंकि चयन अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी होगा। साथ ही उत्कृष्ट विद्यालयों में बेहतर शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी।
