एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा, शानदार प्रदर्शन से लहराया जीत का परचम

 | 
एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा, शानदार प्रदर्शन से लहराया जीत का परचम 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : जापान में चल रहे एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से पूरे हरियाणा में उत्साह और गर्व का माहौल है।

खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा हमेशा से देश को बेहतरीन खिलाड़ी देने वाला प्रदेश रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुश्ती, निशानेबाजी, हॉकी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई है और एशियन गेम्स में भी यह शानदार प्रदर्शन प्रदेश की मजबूत खेल संस्कृति और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाता है।

रोहतक की सुचिका व जींद के हिमांशु ने रचा इतिहास

प्रतियोगिता के मुकाबलों में रोहतक की सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल किया है, जो एमएमए के एशियन गेम्स में शामिल होने के बाद भारत का पहला पदक है। सुचिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का मान बढ़ाया है बल्कि हरियाणा की खेल प्रतिभा का भी लोहा मनवाया है। वहीं, जींद के निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने अपने जन्मदिन को देश के लिए यादगार बनाते हुए निशानेबाजी में दो रजत पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल मंत्री ने कहा कि हिमांशु ने यह साबित कर दिया है कि हरियाणा के युवा किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।

दीपिका का रहा शानदार प्रदर्शन

हरियाणा की हॉकी खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने भी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम के मुकाबले में अकेले 8 गोल दागे हैं, जिसे भारतीय हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

मंत्री ने खिलाड़ियों को दी बधाई

खेल मंत्री श्री गौरव गौतम ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके परिवार, प्रशिक्षकों और वर्षों की कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं।

प्रदेश की प्रतिभाओं को जा रहा है तराशा

मंत्री ने बताया कि मिशन ओलंपिक 2036 के तहत हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक खेल का मजबूत वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी छोटी उम्र से ही सही प्रशिक्षण प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें। एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है और उम्मीद है कि आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ी देश के लिए और पदक जीतेंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News