हरियाणा के 7476 करोड़ के अनुपूरक बजट को मिली मंजूरी, देखें क्या-क्या होंगे काम ?
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7,476 करोड़ 42 लाख 10 हजार रुपये के पहले अनुपूरक बजट को राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मंजूरी दे दी है।
इसके साथ ही सरकार को विभिन्न सेवाओं और विकास योजनाओं पर अतिरिक्त खर्च के लिए राज्य की संचित निधि से राशि निकालने का कानूनी अधिकार मिल गया है।
विभिन्न मदों में पहले से उपलब्ध राशि को घटाने के बाद सरकार को वास्तव में 7,136 करोड़ 63 लाख 25 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि की जरूरत होगी। इसमें आयुष्मान भारत-हरियाणा स्वास्थ्य सुरक्षा प्राधिकरण की कैशलेस इलाज योजना के 299.78 करोड़ रुपये और विश्व बैंक की मदद से चल रही जल सुरक्षित हरियाणा योजना के 40 करोड़ रुपये भी शामिल हैं।
अनुपूरक अनुमान में ऊर्जा से जुड़े विभागों के लिए 1,441 करोड़ 54 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें अकेले बिजली मद में 1,201 करोड़ 27 लाख रुपये और ग्राम एवं लघु उद्योग के लिए 100 करोड़ रुपये शामिल हैं।
नगर एवं ग्राम आयोजन, शहरी विकास व ग्रामीण विकास एवं लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी से जुड़े विभागों के लिए 1,797 करोड़ 7 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा ग्रामीण रोजगार के लिए 613.81 करोड़ रुपये, जलापूर्ति एवं स्वच्छता के पूंजीगत परिब्यय के लिए 420.34 करोड़ रुपये व जलापूर्ति-स्वच्छता मद में 359.66 करोड़ रुपये प्रमुख हैं।