क्या आपका भी कट गया है वोटर लिस्ट से नाम ? 15 दिसंबर तक BLO के पास जमा कराएं अपना फॉर्म

 | 
क्या आपका भी कट गया है वोटर लिस्ट से नाम ? 15 दिसंबर तक BLO के पास जमा कराएं अपना फॉर्म 

करनाल 24 नवंबर : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दिया है। साथ ही मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 22 दिसंबर को होगा। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि की श्रेणी में रखे गए तथा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त न होने के कारण प्रारूप मतदाता सूची से बाहर रह गए मतदाता दोबारा गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कराएं।

डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि अब प्रारूप मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 15 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 22 दिसंबर को होगा। एसआईआर के दौरान प्रारूप मतदाता सूची से बाहर रहे मतदाताओं की मतदान केन्द्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी और शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों के कार्यालयों में प्रदर्शित की गई है। इसके अतिरिक्त, ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें मतदाता का नाम प्रारूप सूची में शामिल न होने के संभावित कारणों का भी उल्लेख है।

उन्होंने बताया कि संबंधित मतदाता वर्तमान सामान्य निवास स्थान के क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा पुराने मतदाता पहचान पत्र नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर उसे भरने की सुविधा उपलब्ध है।

 उन्होंने बताया कि यदि संबंधित मतदाता पुराने निवास स्थान पर ही रह रहा है और पहले गणना प्रपत्र जमा नहीं करवा पाया था, तो वह भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र तथा निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करा सकता है। घोषणा पत्र में पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण बताना होगा। यह प्रपत्र संबंधित ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ के पास स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से जमा कराया जा सकता है। इसके अतिरिक्त ईसीआईनेट पर ई-साइन के माध्यम से ऑनलाइन प्रपत्र जमा करवाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करा दिया है, उन्हें दोबारा फार्म एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का सत्यापन और निस्तारण निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित ईआरओ द्वारा किया जाएगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News