क्या आप भी हो गए है खेतों में जंगली जानवरों से परेशान ! किसानों को मिलेगा अब ऐसा यंत्र जो जानवर रखेगा कोसों दूर

 | 
क्या आप भी हो गए है खेतों में जंगली जानवरों से परेशान ! किसानों को मिलेगा अब ऐसा यंत्र जो जानवर रखेगा कोसों दूर

Udaipur Times, Nagpur Solar Animal Repeller: किसानों के लिए काम की खबर है। नागपुर जिले के 4,000 किसानों को वन्य प्राणियों से फसलों की सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाला विशेष यंत्र 90 प्रतिशत अनुदान पर दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, एक यंत्र लगभग 2 हेक्टेयर क्षेत्र में काम कर सकता है। पात्र किसानों को 20 नवंबर तक संबंधित तहसील कृषि अधिकारी के पास आवेदन जमा करना होगा।

नागपुर के खेतों में वन्य प्राणियों के प्रवेश और फसलों को होने वाले नुकसान से परेशान किसानों के लिए राहत की खबर है। मिली जानकारी के अनुसार, जिला खनिज निधि के माध्यम से नागपुर जिले के 4,000 किसानों को सौर ऊर्जा से चलने वाला विशेष यंत्र उपलब्ध कराया जाएगा। बताया जा रहा है की इस पर किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी अर्चना कड़ ने यह जानकारी दी।

उन्होंने पात्र किसानों से 20 नवंबर तक संबंधित तहसील कृषि अधिकारी के पास आवेदन जमा करने की अपील की है।

जिले में धान, सोयाबीन, कपास, अरहर, गेहूं, चना, सब्जियों और फलों की खेती की जाती है। रात के समय हिरण, नीलगाय और जंगली सुअर जैसे वन्य प्राणी खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। इस समस्या को देखते हुए डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय, अकोला के गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोत एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने विशेष यंत्र विकसित किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह यंत्र पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित होता है। सूर्यास्त के बाद यह अपने आप चालू हो जाता है और सूर्योदय के बाद बंद हो जाता है। प्रकाश और ध्वनि के माध्यम से वन्य प्राणियों को बिना नुकसान पहुंचाए खेतों में प्रवेश करने से रोकने में मदद करता है। 

जानकारी के मुताबिक, योजना के तहत पात्र किसानों को यंत्र की कीमत पर 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। प्रति लाभार्थी प्रस्तावित अनुदान लगभग 9,000 रुपये है। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से जमा की जाएगी।

जिला खनिज निधि के अंतर्गत प्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्र के 70 प्रतिशत और अप्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्र के 30 प्रतिशत पात्र किसानों को योजना का लाभ देने का प्रावधान है।

योजना का लाभ नागपुर जिले के खनिज प्रभावित क्षेत्र के पात्र गांवों के किसानों को मिलेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News