राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट ! 15 अगस्त तक खराब रहेगा मौसम, देखें नई वेदर रिपोर्ट

 | 
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट ! 15 अगस्त तक खराब रहेगा मौसम, देखें नई वेदर रिपोर्ट 

Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज फिर से पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने  राजस्थान के मौसम को लेकर नई रिपोर्ट जारी करते हुए 15 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

आइए देखें नया मौसम पूर्वानुमान....

दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में आगामी 48 घंटे भारी बारिश अलर्ट

आज भी कम दबाव का क्षेत्र मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों के ऊपर बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन आज बीकानेर व कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। 

उपरोक्त के असर से पिछले 24 घंटों में चित्तौड़गढ़ जिले में अत्यंत भारी बारिश बारां, उदयपुर जिलों में अतिभारी बारिश तथा सवाई माधोपुर राजसमंद प्रतापगढ़ नागौर करौली झालावाड़ भीलवाड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश बस्सी, चित्तौड़गढ़ में 227 mm दर्ज।

आज 12 अगस्त को कोटा, उदयपुर, अजमेर व जयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी/अतिभारी बारिश होने की संभावना है। आज भरतपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

13 अगस्त को भी जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, व जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 

14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। हालांकि, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।  

15 अगस्त से राज्य के उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों को छोड़कर अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है। 

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर 
भारत मौसम विज्ञान विभाग

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News