Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल गया है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के असार हैं। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश में मंगलवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। जिसके प्रभाव से प्रदेश में अगले 5 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। विभाग ने आज बुधवार को प्रदेश के 9 जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में यलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, भिवानी, रोहतक, चरखीदादरी, झज्जर, नारनौल, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में मौसम साफ रहेगा।
विभाग ने हरियाणा में लगातार बैक टू बैक दो पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 12 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का अंदेशा जताया है।
कल मंगलवार रात को पंचकूला में अचानक गरज-चमक के साथ ओले पड़े। वहीं पानीपत और सोनीपत में तेज हवाएं चलीं। यमुनानगर में हुई तेज बारिश के कारण मंडियों में खुले में रखी धान की फसल और ट्रालियों में लदी उपज भीग गई।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को हरियाणा के औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.6°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है।