Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के आसार है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 13 से 18 सितंबर तक बारिश का दौर बना रहेगा। विभाग ने 13 से 15 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक होने की संभावना जताई है।
वहीं, 16 और 17 सितंबर को प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 18 सितंबर को बारिश की गतिविधियां फिर सीमित होकर कुछ स्थानों तक रहने का अनुमान है।
विभाग ने 13 से 17 सितंबर के बीच प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं आज यमुनानगर में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।
आज 13 सितंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 16 और 17 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है, जबकि 13 से 17 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।