राजस्थान के इन जिलों में भीषण बारिश का अलर्ट, जाने मौसम विभाग का ताजा अपडेट
Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि कल 2 जुलाई को मानसून का प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आगमन हुआ है और इसकी उत्तरी सीमा फिलहाल टोंक, जयपुर और अलवर से होकर गुजर रही है। विभाग ने बताया है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के राज्य के दूसरे हिस्सों में भी आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जो आने वाले दिनों में और मजबूत हो सकता है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण राजस्थान में बारिश की गतिविधियों को मजबूती मिल रही है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज 3 जुलाई प्रदेश के उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
आने वाले दिनों में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में अगले 5 से 7 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। इसी दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी तो कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है।
