राजस्थान में भीषण बारिश और तूफान का अलर्ट, जाने IMD की ताजा अपडेट
Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि प्रदेश में मानसून का असर एक बार फिर दिखाई दे सकता है। जिसके चलते पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम केंद्र जयपुर ने आज रविवार को प्रदेश के 15 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश दौसा के बसवा में 32 एमएम (मिलीमीटर) दर्ज की गई है। इसके अलावा अलवर, धौलपुर, बूंदी और कोटा के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर चक्रवाती परिसंचरण तंत्र में परिवर्तित हो चुका है। ऐसे में पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सो में कमजोर मानसूनी परिस्थितियां आगामी दो-तीन दिन तक जारी रह सकती हैं। हालांकि कोटा, भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में 20-21 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान में भी होगी बारिश
विभाग की मानें तो 22 से 28 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की भारी संभावना है।
