राजस्थान में तूफ़ानी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी, जाने मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट
Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों में आज शनिवार को तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर जिले में आंधी-बारिश की संभावना जताई है।
विभाग की जारी रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को सबसे ठंडा इलाका माउंट आबू रहा। यहां न्यूनतम तापमान सीजन में पहली बार 13 डिग्री से भी कम रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले शुक्रवार को दोपहर बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में बदलाव हुआ।
इसके अलावा दौसा, सीकर, भरतपुर, जयपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में हल्की बारिश से मध्यम बारिश हुई। वहीं अलवर में तूफान के साथ बारिश और ओले भी गिरे। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भी कुछ जगह ओले गिरे।
बीते कल शुक्रवार को जयपुर, अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, फलोदी, सीकर, अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे ज्यादा गर्म जिला बाड़मेर रहा। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री के करीब रहा।
उदयपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, हिल स्टेशन माउंट आबू के रात के तामपान में लगातार गिरावट हो रही है। शुक्रवार को भी यहां न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री तक गिर गया।
मौसम विभाग ने आज शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीकानेर, जयपुर संभाग एरिया में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 25 अक्टूबर से फिर मौसम में बदलाव होगा।