राजस्थान-MP समेत कई राज्यों में अगले 3 दिन भारी बारिश की चेतावनी ! देखें नई वेदर रिपोर्ट
Udaipur Times, Heavy Rain Alert : राजस्थान-MP समेत कई राज्यों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिन इस मानसून सीजन में पूरे देश के लिए सबसे अधिक बारिश वाले दिन रहे हैं। मध्य भारत में बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) और 22°-23° उत्तरी अक्षांश के आसपास सक्रिय ईस्ट-वेस्ट शियर ज़ोन (Shear Zone) के प्रभाव से ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गुजरात के कई इलाकों में 24 घंटे के दौरान 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक 22 और 23 जुलाई को पूरे देश में क्रमशः 13.6 मिमी और 16.5 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य बारिश 9.6 मिमी और 9.8 मिमी होती है। यानी लगातार दो दिनों तक सामान्य से 50 प्रतिशत से अधिक बारिश हुई। Heavy Rain Alert
अगले तीन दिन बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल 22°-23° उत्तरी अक्षांश के आसपास सक्रिय शियर ज़ोन उत्तर गुजरात से लेकर झारखंड तक फैला हुआ है। इसके भीतर बना चक्रवाती परिसंचरण मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के जंक्शन क्षेत्र पर केंद्रित है। इस प्रणाली के कारण इन क्षेत्रों के साथ-साथ उत्तर मध्य महाराष्ट्र, उत्तर कोंकण तट और दक्षिणी तटीय गुजरात में नमी का मजबूत प्रवाह बना हुआ है। अगले तीन दिनों तक इन इलाकों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि हर गुजरते दिन के साथ बारिश का क्षेत्र और उसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होती जाएगी। यह चक्रवाती परिसंचरण धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ते हुए दक्षिण और मध्य राजस्थान में पहुंच जाएगा तथा कमजोर पड़ने लगेगा। 26 जुलाई तक इसके काफी कमजोर होने और 27 जुलाई तक पूरी तरह समाप्त होने की संभावना है। Heavy Rain Alert
सबसे ज्यादा बारिश का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात, दक्षिण राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र की सीमाओं से जुड़े इलाके सबसे अधिक प्रभावित रहेंगे। यहां कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटे बाद बारिश का दायरा लगभग समान रहेगा, लेकिन उसकी तीव्रता कुछ कम हो जाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 जुलाई तक सबसे ज्यादा बारिश का क्षेत्र सिमटकर पश्चिम और मध्य राजस्थान तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश के आसपास रह जाएगा। 26 जुलाई को भी इन क्षेत्रों में बारिश का असर बना रह सकता है, लेकिन 27 जुलाई से पूरे इलाके में मौसम की गतिविधियां तेजी से कमजोर पड़ जाएंगी और भारी बारिश समाप्त हो जाएगी। Heavy Rain Alert
बरतें विशेष सावधानी
नई मौसम रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र में पुणे, नासिक, धुले, नंदुरबार, जलगांव, अहमदनगर और औरंगाबाद के साथ उत्तर कोंकण तट के क्षेत्रों में भारी बारिश का खतरा रहेगा। गुजरात में खेड़ा, गोधरा, दाहोद, छोटा उदयपुर, तापी, अहमदाबाद, गांधीनगर, राजकोट, अमरेली, बोटाद, भुज और नलिया पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। वहीं राजस्थान के डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, झालावाड़ और सलूम्बर तथा मध्य प्रदेश के धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास और इंदौर में भी भारी से अति भारी बारिश की आशंका है। Heavy Rain Alert
मौसम विभाग के मुताबिक इन सभी स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि कई जगह जलभराव, अचानक बाढ़ और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
