राजस्थान में होगी तूफानी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की प्रदेश में कल (19 अगस्त) से बारिश का दौर फिर शुरू होगा। विभाग ने 19 अगस्त को 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश का ये दौर 20 और 21 अगस्त को और तेज होगा।
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, जालोर, सिरोही, उदयपुर और प्रतापगढ़ के आसपास हल्की बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है की पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब तेज होकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बनी हुई है।
विभाग ने बताया की राजस्थान में अगले 2-3 दिन बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने के बावजूद पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर बना रहेगा। 19 से 21 अगस्त के बीच भरतपुर और कोटा संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है।
वहीं 20 से 23 अगस्त के दौरान भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
