Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में मौसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब का असर आज से राजस्थान में दिखाई दे सकता है। वही, 29 सितंबर तक इस सिस्टम के साथ-साथ एक पश्चिमी विक्षोभ के भी सक्रिय होने से जयपुर, भरतपुर संभाग में बारिश होने की संभावना है। विभाग ने 27 सितंबर को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। पूर्वी राजस्थान के साथ-साथ पश्चिमी जिलों में भी तापमान में गिरावट हुई। हालांकि पश्चिमी जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर जाने से यहां गर्मी का असर दिखा।
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली के एरिया में शुक्रवार को तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट हुई। अलवर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। इसके अलावा, अजमेर में अधिकतम तापमान 35.2, भीलवाड़ा में 35, चूरू में 37.4, करौली में 28.9, प्रतापगढ़ में 32.7, टोंक में 32.7, सीकर में 35.2, कोटा में 32.3 और गंगानगर में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।