Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की मानसून अंतिम चरण में है। इसके साथ ही आज प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कल मंगलवार को अजमेर, पाली समेत कुछ अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण कई शहरों में मंगलवार को तापमान में गिरावट दर्ज हुई।
मौसम विभाग ने राजस्थान में मानसून की विदाई 19 सितंबर से शुरू होने की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा पाली के देसुरी में 24MM बारिश हुई है। अजमेर, भरतपुर, कोटा, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, माउंट आबू, डूंगरपुर, जालौर, राजसमंद और नागौर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया की बंगाल की खाड़ी से जो लो-प्रेशर सिस्टम आया था, वह अब गुजरात के कच्छ के आसपास है। इस सिस्टम के असर से राजस्थान में आज और कल भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार 19 सितंबर से राजस्थान के पश्चिमी छोर से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है। इसके लिए परिस्थितियां भी अनुकूल बन गई है। पश्चिमी हवाएं स्ट्रांग हो रही है और हरियाणा, दिल्ली राजस्थान की सीमा पर एंटी साइक्लोन सिस्टम बनने लग गया है।