Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है की पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में जल्द ही मौसम बदल सकता है। इसका आंशिक प्रभाव 26 सितंबर से देखने को मिलेगा। इसके साथ ही 28 सितंबर से 30 सितंबर के बीच हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा राजस्थान से सटे इलाकों खासकर सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, रेवाड़ी, नारनौल में इसका असर देखने को मिल सकता है। इसके बाद तापमान में नमी बढ़ने के कारण रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
विभाग ने बताया की इस समय राजस्थान पर बने प्रति चक्रवातीय सर्कुलेशन और लगातार चल रही गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण दिन में गर्मी बढ़ रही है। राज्य के अधिकांश जिलों का तापमान 35 डिग्री या इससे ऊपर पहुंच गया है। महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा 37.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
राजस्थान में बने प्रति-चक्रवातीय सर्कुलेश के कारण हवा की दिशा बदल गई है। अब उत्तर-पश्चिम और पश्चिम दिशा से शुष्क और गर्म हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर आ रही हैं।
वही दूसरी और मानसून की वापसी की प्रक्रिया के दौरान हवा में नमी कम होने लगती है। आसमान साफ रहने के कारण दिन भर की जमीनी गर्मी रात के समय तेजी से आसमान की ओर वापस रेडिएट हो जाती है। इसे रेडिएटिव कूलिंग कहते हैं, जिससे सूरज ढलने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आती है और रातें सुहानी व ठंडी महसूस होती हैं।