Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम ने करवट ली हुई है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया है की प्रदेश में तेज बारिश का दौर धीमा पड़ गया है। विभाग ने आज 7 जिलों- भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बारां और झालावाड़ में बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद आगामी एक सप्ताह मानसून कमजोर रहने और मौसम ड्राई रहने की संभावना है। इसके अलावा, झालावाड़ जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में सोमवार की छुट्टी कर दी गई।
कल रविवार को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बीकानेर, श्रीगंगानगर के बॉर्डर एरिया और हनुमानगढ़ के कुछ इलाकों में रविवार दोपहर तूफानी बारिश हुई। राजस्थान के पश्चिमी जिलों में मानसून के कमजोर रहने और लगातार मौसम ड्राई रहने से गर्मी बरकरार है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है की मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, सतना, डालटनगंज, बांकुरा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। लो-प्रेशर सिस्टम दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उससे लगते एरिया पर एक्टिव है। इसके चलते राज्य में केवल पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में अगले दो दिन छुटपुट बारिश होने और बादल छाए रहने की संभावना है।
8-9 सितंबर से राज्य में मानसून के फिर से एक सप्ताह के लिए कमजोर होने की परिस्थिति बनेगी। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं छुटपुट बारिश की संभावना है।