राजस्थान में होगी तूफानी बारिश, जाने मौसम विभाग का बड़ा अपडेट
Udaipur Times, Rajasthan Weather : राजस्थान में इन दिनों मौसम ने करवट ली हुई है। जिसके चलते प्रदेश में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया है की प्रदेश में बारिश का दौर थोड़ा धीमा पड़ गया है। लेकिन इसके साथ ही विभाग ने आज शनिवार को जालोर और सिरोही में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बरसात कोटा के मंडाना में 44 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर सहित 8 जिलों में भी हल्की बारिश हुई। विभाग ने बताया की 3 अगस्त से मानसून के कमजोर होने की भी आशंका है।
मौसम विज्ञान केन्द्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 2 अगस्त तक दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज होने की संभावना है।
विशेषज्ञों के अनुसार, 3 अगस्त से मानसून ट्रफ लाइन के सामान्य से उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है, जिससे बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से उत्तरी भागों में केंद्रित हो जाएंगी।
