हरियाणा में हर जिले की सरकारी जमीन पर बनेंगे हेलीपैड, जाने सरकार का नया मास्टर प्लान ?
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के सभी जिलों में तय जगहों पर हेलीपैड बनाए जाएंगे। यह हेलीपैड सरकारी जमीन पर होंगे। विभाग का कहना है कि इससे आमजन को शोर जैसी दिक्कत नहीं होगी। नागरिक उड्डयन विभाग ने इस बारे में सभी डीसी को पत्र लिखा है। डीसी को ऐसे स्थान तलाश कर बताने होंगे, जहां हाईटेंशन तार न हों। जगह ऐसी होगी, जहां वीआईपी या वीवीआईपी हेलीकॉप्टर आसानी से लैंड कर सके। आसानी से उड़ान भर सके।
विभाग का तर्क है कि सभी जिलों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जा सकेगा। अब तक वीआईपी या इमरजेंसी में हेलीकॉप्टर उतारने के लिए पुलिस लाइन या किसी संस्थान का खेल मैदान चुना जाता रहा। सुरक्षा में दिक्कत न हो। स्थानीय सुरक्षा कर्मियों को पहले से तय जगह पता रहे।
करनाल में नया हवाई अड्डा बनाने की मांग
विभाग ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर करनाल में नया हवाई अड्डा बनाने की मांग की है। इसकी फिजिबिलिटी जांचने के लिए केंद्र सर्वे कराएगा। इसमें देखा जाएगा कि नया हवाई अड्डा नई दिल्ली और जेवर हवाई अड्डे से कितनी दूरी पर है। यहां हवाई यात्रा कारगर रहेगी या नहीं। यह भी जांच होगी कि हवाई अड्डा बनने पर कितने यात्री मिलेंगे। इसे मोहाली हवाई अड्डे से कैसे जोड़ा जाएगा। हिसार और दिल्ली से कैसे कनेक्ट होगा। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाते हैं तो किस देश के लिए ज्यादा उड़ान मिलेंगी।
हेली टैक्सी के लिए दूसरी जगह तलाशी जाएगी जमीन
हेली टैक्सी के लिए गुरुग्राम और फरीदाबाद में पहले जो जगह देखी गई थी, वहां से उड़ान में दिक्कत हो सकती है। विभाग ने दोनों जिलों के डीसी को पत्र लिखकर दूसरी जगह तलाशने को कहा है। यहां से श्री सालासर बालाजी और खाटूश्याम के अलावा अन्य धार्मिक स्थानों के लिए हवाई यात्रा शुरू करने की योजना है।
प्रदेश में अभी हिसार में चल रही हवाई सेवा
हिसार में सरकार ने हवाई अड्डा बनाया है। यहां से हवाई सेवा जारी है। यहां से कुछ और शहरों के लिए हवाई यात्रा शुरू हो सकती है। विभाग इसके लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कुछ शहर पहले ही हिसार से जोड़े जा चुके हैं। नए शहरों की तलाश भी की जा रही है, जहां हवाई सेवा शुरू हो सके।