कुंभलगढ़ में हाई वोल्टेज ड्रामा: घरेलू विवाद से परेशान युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा
Udaipur Times, Rajsamand News 23 मई 2026। कुंभलगढ़ के कुंचोली गांव में सुबह एक युवक घरेलू विवाद के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस और ग्रामीण युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश की।
जानकारी के अनुसार, केसर निवासी डालू राम पुत्र नाथूलाल भील पारिवारिक विवाद से परेशान था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे डालूराम गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद केलवाड़ा पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मी लगातार फोन पर उससे बातचीत कर शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी युवक से समझाइश की।
हेड कॉन्स्टेबल हरिसिंह, मोहनलाल और कॉन्स्टेबल सुनील ने लगातार युवक से बातचीत जारी रखी। जिसके बाद करीब 4 घंटे की समझाइश के बाद युवक को नीचे उतार लिया गया।
