हरियाणा के स्टेडियमों में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर HOA ने लिखा पत्र, खेल सुविधाओं और सुरक्षा जांच की मांग
Udaipur Times, Haryana News, गुरुग्राम, 21 जुलाई 2026 : हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (HOA) ने गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में अभ्यास के दौरान बास्केटबॉल पोल गिरने की गंभीर घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। इस दुर्घटना में एक युवा खिलाड़ी की रीढ़ की हड्डी में कई फ्रैक्चर हुए, जबकि अन्य खिलाड़ी बाल-बाल बच गए।
इस गंभीर घटना के तुरंत बाद हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने उपायुक्त, गुरुग्राम तथा हरियाणा के रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज़ को अलग-अलग ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में कहा है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले रोहतक और बहादुरगढ़ में भी खराब एवं असुरक्षित बास्केटबॉल पोल गिरने से खिलाड़ियों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएँ यह स्पष्ट करती हैं कि पूरे प्रदेश में खेल अधोसंरचना की नियमित तकनीकी जांच, सुरक्षा मूल्यांकन एवं समय-समय पर रखरखाव अत्यंत आवश्यक है।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने उपायुक्त, गुरुग्राम से अनुरोध किया है कि जिले के सभी सार्वजनिक खेल परिसरों में स्थापित खेल उपकरणों का नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा जंग लगे, क्षतिग्रस्त अथवा असुरक्षित उपकरणों को तत्काल बदला या मरम्मत कराया जाए।
साथ ही रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज़, हरियाणा से आग्रह किया गया है कि प्रदेश की सभी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में स्थापित विभिन्न खेल मैदानों (Fields of Play) एवं खेल अधोसंरचना का जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यव्यापी भौतिक सत्यापन एवं सुरक्षा निरीक्षण कराया जाए तथा प्रत्येक जिले की निरीक्षण रिपोर्ट हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन को भी उपलब्ध कराई जाए।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी खेल सुविधा का उपयोग तभी किया जाना चाहिए जब उसकी संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि समय पर सुरक्षा जांच और रखरखाव से भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता है।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने सभी सरकारी विभागों, ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों तथा खेल सुविधाओं के संचालकों से अपील की है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खेल अधोसंरचना की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करें।


