गृह मंत्री ने ग्राम-2016 के लिए किसानों की विशेष रेल को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक ग्रीन (ग्राम-2016) में भाग लेने के लिए किसानों को लेकर उदयपुर रेल्वे स्टेशन से विशेष ट्रेन से मंगलवार रात जयपुर के लिए रवाना हुई।
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक ग्रीन (ग्राम-2016) में भाग लेने के लिए किसानों को लेकर उदयपुर रेल्वे स्टेशन से विशेष ट्रेन से मंगलवार रात जयपुर के लिए रवाना हुई। उदयपुर रेल्वे स्टेशन पर गृह मंत्री श्री गुलाबचन्द कटारिया, विधायक श्री फूलसिंह मीणा एवं श्री दलीचंद डांगी, जिलाप्रमुख श्री शांतिलाल मेघवाल, महापौर श्री चन्द्रसिंह कोठारी, गिर्वा पंचायत समिति के प्रधान श्री तख्तसिंह शक्तावत एवं अन्य जन प्रतिनिधियों ने हरी झण्डी दिखाकर 18 बोगियों वाली विशेष ट्रेन को रवाना किया।
उदयपुर रेल्वे स्टेशन पर विशेष ट्रेन से जयपुर जा रहे किसानों में भारी उत्साह देखा गया। इनमें से काफी संख्या में किसानों ने रेल्वे स्टेशन पर ट्रेन रवाना होने से पहले गृह मंत्री श्री गुलाबचन्द कटारिया एवं अन्य जन प्रतिनिधियों के समक्ष पहुंचकर सरकार की इस अभिनव पहल एवं आम किसानों की सीधी भागीदारी के लिए आभार जताया और कहा कि इससे राजस्थान भर के किसानों को सीखने-समझने का मौका मिलेगा और प्रदेश में कृषि क्षेत्रा नए और सुनहरे युग में प्रवेश करेगा।
रेल्वे स्टेशन पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री महेश वर्मा, उप निदेशक डॉ. के.एन. सिंह, सहायक निदेशक श्री रोशन कोर्डिया, उप निदेशक (उद्यान) पी.आर. मीणा आदि ने पुष्पहारों, मेवाड़ी पगड़ी और शॉल से गृह मंत्राी एवं तमाम अतिथियों का स्वागत किया।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री महेश वर्मा ने बताया कि उदयपुर से मंगलवार रात 8 बजे रवाना हुई विशेष ट्रेन से उदयपुर अंचल के 524 कृषकों ने जयपुर के लिए प्रस्थान किया।
इसी प्रकार मंगलवार को 11 बसों से 540 कृषक उदयपुर से जयपुर के लिए रवाना हुए। बुधवार को उदयपुर से 15 बसों से 752 किसान ग्राम – 2016 में भाग लेने के लिए जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। गुरुवार को 15 बसों से 750 किसान जयपुर जाएंगे।