1 AC चलाने के लिए कितने kW का सोलर सिस्टम चाहिए ? जानिए पूरा हिसाब
Udaipur Times, Solar Panel for 1 AC : गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है। इसके साथ ही बिजली का बिल भी कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में अब बड़ी संख्या में लोग सोलर सिस्टम लगवाकर AC चलाने का ऑप्शन चुन रहे हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि एक AC चलाने के लिए कितने किलोवॉट (kW) का सोलर सिस्टम और कितने सोलर पैनल चाहिए ?
AC कितनी बिजली की खपत करता है?
सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि आपका AC कितनी बिजली खर्च करता है।
1 टन AC - लगभग 900 से 1200 वॉट
1.5 टन AC - लगभग 1400 से 1800 वॉट
2 टन AC -लगभग 2000 से 2500 वॉट
इन्वर्टर AC सामान्य AC की तुलना में कम बिजली की खपत करता है।
कितने सोलर पैनल होंगे जरूरी?
अगर 550 वॉट के सोलर पैनल लगाए जाएं, तो अनुमानित जरूरत इस प्रकार होगी-
1 टन AC – 3 सोलर पैनल
1.5 टन AC – 4 से 5 सोलर पैनल
2 टन AC – 6 सोलर पैनल
हालांकि, मौसम और सिस्टम की दक्षता को देखते हुए थोड़ा अतिरिक्त क्षमता वाला सिस्टम लगवाना बेहतर माना जाता है।
1.5 टन AC के लिए कितना kW सिस्टम सही रहेगा?
अगर आप घर में 1.5 टन AC, पंखे, लाइट और कुछ अन्य उपकरण चलाना चाहते हैं, तो 3kW का ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम अच्छा विकल्प माना जाता है। यह रोजाना लगभग 12 से 15 यूनिट बिजली बना सकता है, जिससे आपका बिजली बिल काफी कम या नेट मीटरिंग के जरिए लगभग शून्य हो सकता है।
यदि आप बिजली कटौती के दौरान भी AC चलाना चाहते हैं, तो 5kW का ऑफ-ग्रिड या हाइब्रिड सिस्टम ज्यादा उपयुक्त रहेगा। इसमें बैटरी बैकअप होने से रात या बिजली जाने पर भी बिजली मिलती रहती है।
बिजली के बिल से ऐसे पता करें कितने kW का सोलर सिस्टम चाहिए
अगर आप यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि घर के लिए कितने किलोवॉट का सोलर सिस्टम सही रहेगा, तो अपने बिजली के बिल से इसका आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। सबसे पहले पिछले कुछ महीनों के बिजली बिल देखें और जिस महीने बिजली की खपत सबसे ज्यादा रही हो, उसे आधार बनाएं।
अगर आपकी मासिक बिजली खपत 300 से 400 यूनिट के बीच है, तो 3kW का सोलर सिस्टम आपकी जरूरत पूरी कर सकता है। वहीं, यदि हर महीने करीब 600 यूनिट या उससे अधिक बिजली खर्च होती है, तो कम से कम 5kW का सोलर सिस्टम लगवाना बेहतर रहेगा। यह सिस्टम सामान्य तौर पर 600 से 700 यूनिट तक बिजली पैदा कर सकता है।
इस तरह अपनी बिजली खपत के हिसाब से सही क्षमता वाला सोलर सिस्टम चुनकर आप बिजली का बिल काफी हद तक कम कर सकते हैं।
