NDA से अफसर बनने पर कितनी मिलती है सैलरी ? जाने ट्रेनिंग से अधिकारी बनने तक की पूरी जानकारी

 | 
NDA से अफसर बनने पर कितनी मिलती है सैलरी ? जाने ट्रेनिंग से अधिकारी बनने तक की पूरी जानकारी 

Udaipur Times, NDA Salary : भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में अफसर बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए NDA एक प्रमुख रास्ता है। 12वीं के बाद UPSC NDA परीक्षा, SSB इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट पास करने के बाद उम्मीदवारों को कठिन सैन्य प्रशिक्षण से गुजरना पड़ता है। इस दौरान कैडेट्स को सैलरी नहीं, बल्कि स्टाइपेंड दिया जाता है। वहीं ट्रेनिंग पूरी होने और कमीशन मिलने के बाद उनकी कमाई में बड़ा बदलाव आता है। आइए जानते हैं NDA कैडेट से लेकर अफसर बनने तक सैलरी का पूरा गणित।

ट्रेनिंग के दौरान कितनी मिलती है स्टाइपेंड?

उपलब्ध सरकारी पे स्ट्रक्चर के मुताबिक, प्री-कमीशन ट्रेनिंग के दौरान कैडेट्स को रु56,100 प्रति माह का स्टाइपेंड मिलता है। यह राशि डिफेंस पे मैट्रिक्स के लेवल-10 से जुड़ी है। हालांकि, इसे पूरी तरह इन-हैंड सैलरी मानना सही नहीं होगा, क्योंकि तय योगदान और अन्य खर्चों के कारण मिलने वाली रकम अलग हो सकती है।

कैडेट्स के लिए इंश्योरेंस जैसी सुविधाओं के तहत भी योगदान लिया जाता है। इसके अलावा यूनिफॉर्म, लॉन्ड्री, हेयरकट, खेल और अन्य सुविधाओं से जुड़े खर्च भी हो सकते हैं।

जाने रहने-खाने का खर्च कौन उठाता है?

NDA ट्रेनिंग के दौरान कैडेट्स को रहने, भोजन, मेडिकल सुविधाओं, ट्रेनिंग और जरूरी मिलिट्री किट जैसी कई सुविधाएं संस्थान के माध्यम से मिलती हैं। यानी कैडेट्स को इन सभी व्यवस्थाओं का पूरा खर्च अपनी जेब से नहीं उठाना पड़ता।

अफसर बनते ही कितनी हो जाती है सैलरी?

ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उम्मीदवार को संबंधित सैन्य सेवा में कमीशन मिलता है। भारतीय सेना में शुरुआती अधिकारी रैंक लेफ्टिनेंट होती है। लेफ्टिनेंट के लिए पे लेवल-10 में रु56,100 से रु1,77,500 प्रति माह तक का बेसिक पे निर्धारित है।

इसके अलावा Military Service Pay (MSP) और पोस्टिंग, क्षेत्र तथा पात्रता के आधार पर अलग-अलग भत्ते भी मिल सकते हैं। इसलिए एक अधिकारी की कुल मासिक कमाई सिर्फ बेसिक पे तक सीमित नहीं रहती।

NDA से अफसर बनने का जाने सफर

इस तरह NDA में चयन के बाद कैडेट को ट्रेनिंग के दौरान स्टाइपेंड मिलता है और ट्रेनिंग पूरी करने के बाद कमीशन मिलने पर वह अधिकारी बन जाता है। इसके साथ ही उसे बेसिक पे के अलावा विभिन्न सरकारी सुविधाएं और पात्रता के अनुसार भत्ते मिलने लगते हैं। यही वजह है कि NDA सिर्फ देश सेवा का अवसर ही नहीं, बल्कि एक सम्मानजनक और स्थिर करियर का रास्ता भी माना जाता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News