ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम लगवाने में कितना आएगा खर्च ? जानिए 1kW, 3kW और 5kW की पूरी कीमत
Udaipur Times, Off-grid solar system : बढ़ते बिजली बिल और बार-बार होने वाली बिजली कटौती के बीच लोग तेजी से ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम की ओर रुख कर रहे हैं। यह सिस्टम बैटरी के जरिए बिजली स्टोर करता है, जिससे ग्रिड बिजली न होने पर भी घर में बिजली की सप्लाई जारी रहती है। हालांकि बैटरी होने के कारण इसकी लागत ऑन-ग्रिड सिस्टम की तुलना में अधिक होती है और इस पर सरकारी सब्सिडी भी नहीं मिलती।
1kW ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम (Off-grid solar system) की कीमत
1kW ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम लगाने में 85,000 से 1.05 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है। इसमें आमतौर पर 150Ah की 2 बैटरियां लगती हैं। इस सिस्टम पर 3-4 एलईडी बल्ब, 2-3 पंखे, एक टीवी, लैपटॉप और मोबाइल चार्जिंग जैसे उपकरण आसानी से चलाए जा सकते हैं। यह छोटे परिवारों, 1-2 कमरों वाले घरों और छोटी दुकानों के लिए उपयुक्त है। इस क्षमता पर एसी, गीजर और भारी उपकरण नहीं चलाए जा सकते।
3kW ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम (Off-grid solar system) की कीमत
3kW ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम (Off-grid solar system) की कीमत लगभग 2.40 लाख से 2.80 लाख रुपये तक हो सकती है। इसमें आमतौर पर 150Ah की 4 बैटरियां लगाई जाती हैं। यदि लिथियम बैटरी का विकल्प चुनते हैं तो एक बड़ी 48V बैटरी भी पर्याप्त हो सकती है। इस सिस्टम पर पंखे, लाइट, टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर, मिक्सर-ग्राइंडर और 1 HP तक का वॉटर पंप चलाया जा सकता है। हालांकि इस पर भारी क्षमता वाला एसी या गीजर लगातार नहीं चलाया जा सकता।
5kW ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम (Off-grid solar system) की कीमत
5kW ऑफ-ग्रिड सोलर सिस्टम (Off-grid solar system) लगाने का खर्च 3.80 लाख से 4.50 लाख रुपये तक आ सकता है। इस सिस्टम में 150Ah की 4 से 8 बैटरियां लगती हैं। इसके जरिए फ्रिज, वॉटर पंप, वॉशिंग मशीन, ओवन जैसे भारी उपकरणों के साथ दिन के समय 1.5 टन का एक इनवर्टर एसी भी चलाया जा सकता है। हालांकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बैटरी बैकअप पर रात में एसी चलाने से बैटरियां जल्दी डिस्चार्ज हो सकती हैं, इसलिए भारी लोड वाले उपकरण दिन में ही इस्तेमाल करना बेहतर होता है।
लिथियम या लेड-एसिड बैटरी, क्या चुनें?
अगर आप लिथियम-आयन बैटरी चुनते हैं तो शुरुआती लागत ज्यादा होगी, लेकिन इसकी उम्र 10-12 साल तक होती है और यह कम जगह घेरती है। वहीं लेड-एसिड बैटरी सस्ती होती है, लेकिन उसकी लाइफ अपेक्षाकृत कम होती है और रखरखाव भी ज्यादा करना पड़ता है।
कितनी जगह की होगी जरूरत?
1kW सिस्टम: लगभग 100 वर्ग फुट छत
3kW सिस्टम: लगभग 300 वर्ग फुट छत
5kW सिस्टम: लगभग 500 वर्ग फुट खुली छत
क्या मिलती है सरकारी सब्सिडी?
ऑफ-ग्रिड (Off-grid solar system) यानी बैटरी वाले सोलर सिस्टम पर केंद्र या राज्य सरकार की ओर से कोई सीधी सब्सिडी नहीं मिलती। सरकारी सब्सिडी का लाभ केवल ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम (On-grid solar system) पर उपलब्ध है।
