HPSC की PGT कंप्यूटर साइंस भर्ती इंटरव्यू शेड्यूल जारी, 9 दिन तक चलेंगे इंटरव्यू
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की PGT कंप्यूटर साइंस भर्ती एक बार फिर चर्चा में है। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के तहत शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों के इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
अब आयोग ने इस भर्ती के तहत शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी किया है। हरियाणा कैडर (ROH) के 1633 पदों के लिए 1092 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए योग्य घोषित किया गया है। इनके इंटरव्यू 24 जुलाई से 1 अगस्त तक लगातार 9 दिनों तक दो शिफ्टों में होंगे। खास बात यह है कि आयोग शनिवार और रविवार को भी अवकाश नहीं रखेगा, ताकि निर्धारित समय में पूरी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
सुबह 8 और दोपहर 12 बजे होगी रिपोर्टिंग
आयोग के अनुसार इंटरव्यू प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित किए जाएंगे। पहले सत्र के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8 बजे, जबकि दूसरे सत्र के लिए दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण-पत्रों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
