हरियाणा में इन 8 गांवों की जमीन खरीदेगी HSVP ! 1035 एकड़ जमीन पर बनेंगे नए सेक्टर
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के करनाल में शहरी विकास को नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने शहर के विस्तार के लिए सेक्टर-34, 35 और 36 विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए 8 गांवों की करीब 1,035 एकड़ जमीन किसानों की सहमति से खरीदी जाएगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस परियोजना के लिए जबरन भूमि अधिग्रहण नहीं होगा। जमीन की खरीद ई-भूमि (e-Bhoomi) पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह स्वैच्छिक और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। यदि किसान अपनी जमीन बेचने के इच्छुक हैं, तभी सरकार उनसे समझौते के आधार पर जमीन खरीदेगी।
इन गांवों की जमीन होगी शामिल
नई परियोजना के लिए बलड़ी, टिकरी, कैलाश, बूढ़ाखेड़ा, फूसगढ़, मंगलपुर, मकरापुर और करनाल क्षेत्र की अन्य चिन्हित भूमि को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में नए आवासीय और शहरी विकास कार्य किए जाएंगे।
किसान खुद तय करेंगे जमीन की कीमत
इस योजना की खास बात यह है कि किसान ई-भूमि पोर्टल पर अपनी जमीन का विवरण दर्ज करने के साथ प्रति एकड़ अपनी मांग कीमत भी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। सरकार और किसान के बीच सहमति बनने के बाद ही जमीन की खरीद होगी। भुगतान सीधे किसान के बैंक खाते में किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया में किसी बिचौलिए की भूमिका नहीं होगी।
पंजीकरण की प्रक्रिया
ई-भूमि पोर्टल ebhoomi.haryana.gov.in पर जाएं।
फैमिली आईडी और मोबाइल नंबर से लॉगिन करें।
जिला, तहसील, गांव, खसरा नंबर और जमीन का विवरण भरें।
प्रति एकड़ अपनी मांग कीमत दर्ज करें।
जमाबंदी, पहचान पत्र समेत जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
आवेदन जमा करने के बाद संबंधित विभाग जमीन के रिकॉर्ड का सत्यापन करेगा।
सहमति बनने पर सरकार जमीन खरीदेगी और भुगतान सीधे बैंक खाते में किया जाएगा।
इस परियोजना के पूरा होने से करनाल में नए आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों का विकास होगा, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और रोजगार व निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 980-980 करोड़ रुपये का फंड केंद्र और हरियाणा सरकार ने 50:50 अनुपात में उपलब्ध कराया है।
