PM राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए जल्दी करें आवेदन, चयनित बच्चों को राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित
Udaipur Times, Haryana News : उपायुक्त एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों में कुल 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। जिला के पात्र बच्चे, अभिभावक, शिक्षण संस्थान तथा संबंधित संस्था शुक्रवार 31 जुलाई तक इन पुरस्कारों के लिए योग्य बच्चों के नामांकन अवश्य करवाएं। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी awards.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है।
सचिन गुप्ता ने अभिभावकों, शिक्षकों एवं संबंधित संस्थाओं का आह्वान किया है कि वे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए नामांकित कर उनका उत्साहवर्धन करें। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत बहादुरी, खेलकूद, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
पात्रता के लिए बच्चे की आयु 31 जुलाई 2026 को 5 वर्ष से 18 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित बच्चों को जनवरी 2027 में आयोजित समारोह में भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा, जबकि पुरस्कारों की घोषणा 26 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों में कुल 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। चयनित बच्चों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद सर्वप्रथम स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा उनकी जांच एवं छंटनी की जाएगी। इसके उपरांत राष्ट्रीय चयन समिति अंतिम चयन करेगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, जिला कलेक्टर/जिला मजिस्ट्रेट, पंचायती राज संस्थाएं, सभी केंद्रीय एवं राज्य स्कूल बोर्ड सहित अन्य पात्र संस्थाएं नामांकन कर सकती हैं। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी awards.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है।
