पति-पत्नी ने एक साथ हासिल की पीएचडी की उपाधि, क्षेत्र का नाम किया रोशन

 | 
पति-पत्नी ने एक साथ हासिल की पीएचडी की उपाधि, क्षेत्र का नाम किया रोशन

Udaipur Times, Rajasthan news :  शिक्षा नगरी नोहर के लिए गौरव का क्षण है। नोहर के डॉ. सुरेंद्र कुमार पूनिया और उनकी धर्मपत्नी डॉ. प्रेमलता ने एक साथ पीएचडी की उपाधि हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। दोनों ने श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय (SKD University), हनुमानगढ़ से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है।

पति-पत्नी की इस संयुक्त शैक्षणिक उपलब्धि से एसएनडीबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोहर सहित पूरे शैक्षणिक जगत में हर्ष का माहौल है।

नोहर पर ही किया शोध
विशेष बात यह रही कि दोनों शोधार्थियों ने अपने शोध का विषय नोहर क्षेत्र को ही बनाया।

- डॉ. सुरेंद्र कुमार पूनिया ने “नगरीकरण का कालिक एवं स्थानिक स्वरूप का भौगोलिक विश्लेषण : नोहर नगर के संदर्भ में” विषय पर शोध प्रबंध प्रस्तुत किया। उनके शोध निर्देशक डॉ. बाबूलाल पारीक रहे। अपने शोध में उन्होंने नोहर नगर में नगरीकरण के बदलते स्वरूप, उसके कारणों और भौगोलिक प्रभावों का गहन विश्लेषण किया है।

- डॉ. प्रेमलता ने “कृषि की उत्पादकता एवं सिंचाई का भौगोलिक विश्लेषणात्मक अध्ययन : नोहर तहसील के संदर्भ में” विषय पर शोध कार्य पूर्ण किया। उनकी शोध निर्देशक डॉ. बबीता रहीं। उनका शोध नोहर तहसील की कृषि उत्पादकता, सिंचाई के साधनों और उससे जुड़ी भौगोलिक परिस्थितियों पर केंद्रित है।

क्षेत्र के लिए प्रेरणा
पति-पत्नी द्वारा एक साथ उच्चतम शैक्षणिक उपाधि हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और शोध के प्रति समर्पण का परिचायक है। उनके इस शोध से नोहर क्षेत्र के नगरीकरण, कृषि और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर महत्वपूर्ण अकादमिक दस्तावेज तैयार हुआ है, जो भविष्य के शोधार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा।

इस उपलब्धि पर एसएनडीबी महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों, सहकर्मियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने दोनों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। डॉ. दंपती की यह सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News