हरियाणा में IAS और HCS अधिकारियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, मुख्य सचिव ने दिए ये निर्देश
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा में मानसून की पुख्ता तैयारियों तथा जमीनी स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने प्रदेशभर में आईएएस एवं एचसीएस अधिकारियों को शहरी नालों का भौतिक निरीक्षण करने तथा प्री-मानसून डी-सिल्टिंग (गाद निकासी) कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
आज यहां राज्य के 23 जिलों के सभी 87 शहरी स्थानीय निकायों में चल रहे नालों के सफाई कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने सभी नगर निगम आयुक्तों तथा उपायुक्तों को निर्देश दिए कि अगले तीन दिनों के भीतर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जल निकासी अवसंरचना का मौके पर निरीक्षण कराया जाए।
विशेष निगरानी अभियान के तहत प्रत्येक आईएएस और एचसीएस अधिकारी को अपने अधिकार क्षेत्र में कम से कम पांच किलोमीटर लंबाई के नालों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निरीक्षण से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट, फोटोग्राफ तथा स्थलीय अवलोकन सहित शहरी स्थानीय निकाय विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करनी होगी, ताकि कार्यों की वास्तविक समय में निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि मानसून की तैयारियां केवल कार्यालय में बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर डी-सिल्टिंग कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करना होगा, संवेदनशील स्थानों की पहचान करनी होगी, कमियों का पता लगाना होगा तथा आवश्यकतानुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
श्री अनुराग रस्तोगी ने कहा कि मानसून पूर्व तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही के प्रति राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रत्येक नाले का निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, सभी रुकावटें दूर की जाएँ तथा लंबित कार्यों को मानसून शुरू होने से पहले पूरा किया जाए, ताकि शहरी क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों के जोखिम को न्यूनतम किया जा सके।
मुख्य सचिव ने राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में चल रहे नालों के व्यापक सफाई अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने इस अभियान को प्रदेश की शहरों से जुड़ी व्यापक तैयारी पहलों में से एक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने तत्परता दिखाते हुए मानसून से काफी पहले नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है।
बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री अशोक कुमार मीणा, पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री के. मकरंद पांडुरंग तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
