हरियाणा में सड़क पर मिला गड्ढा तो संबंधित एजेंसी पर होगी कार्रवाई, DC ने दिए सख्त निर्देश
Udaipur Times, Haryana News, सिरसा : सडक़ सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े कार्यों, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में सड़क निर्माण से जुड़ी प्रत्येक एजेंसी द्वारा एक-एक मॉडल रोड विकसित करने के कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉडल रोड पर सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया व एसडीएम डबवाली योगेश दिलहोर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सड़क पर गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए इन्हें किसी भी स्थिति में खुला न छोड़ा जाए। संबंधित एजेंसी गड्ढों की पहचान कर उन्हें तत्काल भरवाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सड़क पर गड्ढा पाया जाता है और उसके कारण दुर्घटना होती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शहरी क्षेत्रों में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सड़क यातायात के सुचारू संचालन के लिए हैं। अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम होने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ती है। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
छह माह में डीएलपी खत्म होने वाली सड़कों की सूची मांगी
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि जिन सडक़ों की दोष दायित्व अवधि आगामी छह माह में समाप्त होने वाली है, उनकी सूची तत्काल उपलब्ध करवाई जाए। इन सडक़ों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक मरम्मत का कार्य समय रहते पूरा करवाने को कहा गया। बैठक में क्षतिग्रस्त पुलों की पहचान कर उनकी मरम्मत करवाने के निर्देश दिए, ताकि पुलों की खराब स्थिति दुर्घटना का कारण न बने।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने वालों को प्रोत्साहित करें
सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को लोगों को राह-वीर योजना के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए गए। योजना के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को अधिकतम 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जा सकती है।
बैठक में एसडीएम सिरसा राजेंद्र कुमार, आरटीए संजय बिश्नोई, डीएफओ सतीश कुमार, डीईओ सुभाष फुटेला, रोडवेज के जीएम अजय दलाल, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के एक्सईएन कमलदीप सिंह, सिंचाई विभाग के एक्सईएन संदीप कुमार, एमसी सिरसा के एमई सुमित चोपड़ा, डिप्टी सीएमओ डॉ. संदीप सिंह, नगरपालिका रानियां के सचिव विशाल जीत, नगरपालिका ऐलनाबाद के सचिव रविंद्र सिंह, ट्रैफिक पुलिस थाना सिरसा के एसएचओ शैलेंद्र सिंह, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव गुरमीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।