हरियाणा के अनुबंध कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर, पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और सत्यापन की समय-सीमा बढ़ी
चंडीगढ़, 13 नवंबर : हरियाणा सरकार ने हरियाणा संविदा कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 एवं नियम, 2025 के तहत पात्र संविदा कर्मचारियों के पंजीकरण और रिकॉर्ड सत्यापन की प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर विभिन्न चरणों की समय-सीमा बढ़ा दी है।
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी नए कार्यक्रम के अनुसार, पात्र संविदा कर्मचारी अब 30 नवंबर, 2026 तक पोर्टल www.securedemployees.csharyana.gov.in पर अपना पंजीकरण कर सकेंगे। इसके बाद आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) द्वारा आवेदनों का सत्यापन 15 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा।
इसी प्रकार, डीडीओ से प्राप्त आवेदनों का संबंधित विभागाध्यक्षों द्वारा सत्यापन 31 दिसंबर, 2026 तक पूरा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले विभाग द्वारा 7 अक्टूबर, 2026 को जारी पत्र के माध्यम से पात्र संविदा कर्मचारियों के रिकॉर्ड सत्यापन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई थी। अब राज्य सरकार ने कर्मचारियों को पंजीकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय प्रदान करने का निर्णय लिया है।
सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को संशोधित समय-सारणी का सख्ती से पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।