दिल्ली जाने वालों के लिए जरूरी खबर ! इन गाड़ियों की एंट्री होगी बैन, सरकार ने जारी किए नए नियम

 | 
दिल्ली जाने वालों के लिए जरूरी खबर ! इन गाड़ियों की एंट्री होगी बैन, सरकार ने जारी किए नए नियम 

Udaipur Times, Entry Banned in Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हर साल सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने समय से पहले तैयारी शुरू कर दी है। सरकार ने 'प्रोएक्टिव विंटर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट फ्रेमवर्क' जारी किया है, जिसके तहत प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई सख्त कदम उठाए जाएंगे।

सबसे बड़ा फैसला गैर-BS6 कमर्शियल वाहनों की दिल्ली में एंट्री पर रोक लगाने का है। सरकार के अनुसार 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर-BS6 कमर्शियल वाहनों को राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसका उद्देश्य सर्दियों में बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना है।

इन वाहनों को मिलेगी छूट

सरकार ने स्पष्ट किया है कि CNG वाहन, इलेक्ट्रिक वाहन, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन और सरकारी वाहन इस प्रतिबंध से बाहर रहेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए यह कदम बेहद जरूरी है।

बिना PUCC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल

दिल्ली सरकार ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए कहा है कि वैध Pollution Under Control Certificate (PUCC) वाले वाहनों को ही पेट्रोल और डीजल मिलेगा। हालांकि यह व्यवस्था कितने समय तक लागू रहेगी, इसकी अवधि अभी तय नहीं की गई है।

पार्किंग शुल्क होगा दोगुना

निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए सरकार ने पार्किंग शुल्क बढ़ाने का भी फैसला किया है। 1 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक दिल्ली में अधिकृत पार्किंग स्थलों पर दोगुना शुल्क देना होगा।

कूड़ा जलाने और धूल पर भी सख्ती

फ्रेमवर्क के अंतर्गत सर्दियों के दौरान खुले में कूड़ा, बायोमास या अन्य सामग्री जलाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही निर्माण कार्यों और धूल नियंत्रण के लिए पहले से विशेष योजना लागू की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कार्यालयों के समय में भी बदलाव किया जा सकता है।

लोगों को तैयारी का समय

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बार सर्दियों से कई महीने पहले ही नियमों की घोषणा कर दी गई है, ताकि लोगों, कारोबारियों और परिवहन क्षेत्र को तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके। इससे प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में इन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करना आसान होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News