हरियाणा में फैमिली ID से जुड़ी हर जानकारी मिलेगी आपके फोन पर, अब नहीं काटने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर
Udaipur Times, Haryana news : परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जुड़ी सेवाओं में पारदर्शिता व तेजी लाने के लिए हरियाणा सरकार ने नई एसएमएस व्यवस्था शुरू की है। अब परिवार पहचान पत्र में बदलाव, सत्यापन व माइग्रेशन जैसी प्रक्रियाओं के हर चरण की जानकारी सीधे संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर भेजी जाएगी।
इसके तहत प्रदेश में अब 12 तरह की गतिविधियों के लिए मोबाइल संदेश भेजे जाएंगे। इससे लोगों को अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
परिवार पहचान प्राधिकरण (एचपीपीए) के स्टेट कोऑर्डिनेटर (पब्लिक आउटरीच एवं मॉनिटरिंग) डॉ. सतीश खोला ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत जन्मतिथि में संशोधन, नाम बदलने और परिवार के किसी सदस्य की स्थिति में बदलाव जैसी प्रक्रियाओं को भी एसएमएस सेवा से जोड़ा गया है।
नई व्यवस्था में पांच प्रमुख प्रक्रियाओं को शामिल किया गया है। इनमें जन्मतिथि के सत्यापन या संशोधन का अनुरोध मिलने, स्वीकृत होने अथवा खारिज होने पर सूचना दी जाएगी। इसके अलावा हरियाणा के भीतर एक स्थान से दूसरे स्थान पर परिवार का माइग्रेशन और दूसरे राज्य में माइग्रेशन होने पर भी संदेश मिलेगा।
इसी तरह परिवार पहचान पत्र में किसी व्यक्ति को मृतक से दोबारा जीवित दर्ज करवाने के अनुरोध और नाम में बदलाव की प्रक्रिया की जानकारी भी मोबाइल पर भेजी जाएगी। इन सभी प्रक्रियाओं के महत्वपूर्ण चरणों पर नागरिकों को अपडेट मिलता रहेगा।
मोबाइल नंबर अपडेट रखना जरूरी
डॉ. खोला ने बताया कि नई व्यवस्थाओं का मकसद आवेदन प्रक्रिया में जवाबदेही बढ़ाना और नागरिकों को हर स्तर पर जानकारी उपलब्ध करवाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि परिवार पहचान पत्र में अपना मोबाइल नंबर सही और अपडेट रखें ताकि विभाग की ओर से भेजे जाने वाले संदेश समय पर मिल सकें। उनके अनुसार, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी।