हरियाणा में विभाग का बुलडोजर एक्शन, अवैध कॉलोनी को किया ध्वस्त
Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग भिवानी ने जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग द्वारा शहरी एवं नियंत्रित क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर तोडफ़ोड़ अभियान चलाया गया।
जिला नगर योजनाकार ने बताया कि भिवानी के नियंत्रित क्षेत्र एवं शहरी क्षेत्र के अंतर्गत मौजा राजपुरा-खरकड़ी स्थित भिवानी-हांसी रोड पर लगभग चार एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए कार्यालय ढांचे (ऑफिस) तथा कच्चे सडक़ नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई नियमानुसार पुलिस बल एवं विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना सक्षम अनुमति एवं स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियां पूरी तरह अवैध हैं तथा ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी कॉलोनी में प्लॉट, मकान अथवा संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें।
विभाग ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें और प्रॉपर्टी डीलरों के भ्रामक प्रचार या बहकावे में न आएं। अवैध कॉलोनियों में संपत्ति खरीदने से भविष्य में कानूनी एवं वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
जिला नगर योजनाकार ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
