राजस्थान में पुलिस का एक्शन मोड, इन वाहनों पर कर रही सख्त कार्रवाई
Udaipur Times, Rajasthan News, जयपुर : राजस्थान में सुगम, सरल और सुरक्षित सड़क परिवहन सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को कड़ा सबक सिखाने के लिए राजस्थान पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान प्रदेशभर में पूरी कड़ाई से चलाया जा रहा है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस विशेष अभियान का नेतृत्व महानिदेशक यातायात श्री अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा द्वारा किया जा रहा है। इस महा-अभियान के तहत कानून को हाथ में लेकर सड़कों पर रौब झाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चौतरफा कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त समेकित आंकड़ों के अनुसार 4 जून से 15 जून 2026 तक के महज 12 दिनों के भीतर पुलिस ने राज्यभर में रिकॉर्ड 1,02,878 वाहनों के खिलाफ सख्त चेकिंग कर चालान व जब्ती की विधिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की इस पैनी नजर से यातायात नियमों की अवहेलना करने वाला कोई भी शातिर चालक बच नहीं पा रहा है।
ब्लैक फिल्म के विरुद्ध सबसे अधिक कार्रवाई—
पूरे अभियान के दौरान वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म के विरुद्ध सर्वाधिक 39,417 कार्रवाई की गई। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 26,545, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 14,119, वाहन की संरचना में अवैध परिवर्तन के 9,870, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 7,428 तथा प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न के 5,499 मामलों में कार्रवाई की गई।
सोमवार को भी जारी रहा सघन प्रवर्तन, 7,208 वाहनों पर कार्रवाई—
15 जून को प्रदेशभर में कुल 7,208 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें वाहन की संरचना में अवैध परिवर्तन के 654, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 653, प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न के 345, ब्लैक फिल्म के 2,646, अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 984 तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 1,926 मामलों में चालान बनाए गए।
जयपुर पश्चिम रहा सबसे आगे—
15 जून को जिला स्तर पर जयपुर पश्चिम में सर्वाधिक 470 कार्रवाई दर्ज की गई। इसके बाद धौलपुर (321), जयपुर यातायात (308), चित्तौड़गढ़ (303), जयपुर ग्रामीण (284) तथा बारां (271) में उल्लेखनीय कार्रवाई की गई। ब्लैक फिल्म हटाने की सर्वाधिक 204 कार्रवाई जयपुर यातायात में दर्ज हुई, जबकि नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के सर्वाधिक 150-150 प्रकरण बारां एवं चित्तौड़गढ़ में सामने आए।
यातायात नियमों की पालना की अपील—
डीजी ट्रैफिक श्री पालीवाल ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहनों में किसी भी प्रकार की अवैध मॉडिफिकेशन, ब्लैक फिल्म, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न अथवा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग नहीं करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
