हरियाणा में यहां विकसित होगी IMT में इनडेकोर सिटी ! युवाओं को मिलेगा रोजगार

 | 
हरियाणा में यहां विकसित होगी IMT में इनडेकोर सिटी ! युवाओं को मिलेगा रोजगार 

Udaipur Times, Haryana News : दिल्ली-NCR में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है। गुरुग्राम के आईएमटी सोहना में करीब 139 एकड़ जमीन पर इनडेकोर सिटी विकसित की जाएगी। इस परियोजना के जरिए इंटीरियर, स्पेस डिजाइनिंग और इससे जुड़े उद्योगों को एक ही स्थान पर बढ़ावा देने की योजना है। परियोजना के पूरी तरह विकसित होने के बाद स्थानीय युवाओं के साथ-साथ दिल्ली-NCR के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

139 एकड़ में विकसित होने जा रही इनडेकोर सिटी

हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) की ओर से आईएमटी सोहना को बड़े औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी योजना के तहत अब 139 एकड़ क्षेत्र में इनडेकोर सिटी विकसित करने की तैयारी है। इस विशेष क्षेत्र में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित करने के लिए आधुनिक औद्योगिक भूखंड विकसित किए जाएंगे। यहां इंटीरियर डिजाइन, स्पेस डिजाइनिंग और इससे जुड़े अन्य उद्योगों को काम करने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

1600 एकड़ में विकसित हो रहा IMT सोहना सीटी

आईएमटी सोहना का विकास करीब 1600 एकड़ भूमि में किया जा रहा है। इसमें लगभग 500 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सोहना को इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े उद्योगों के लिए प्रमुख केंद्र बनाना है।
HSIIDC अधिकारियों के मुताबिक, आईएमटी में कुल 876 औद्योगिक भूखंड विकसित किए गए हैं। इनमें से 472 भूखंड कंपनियों को आवंटित किए जा चुके हैं। यानी आधे से ज्यादा भूखंड पहले ही उद्योगों को दिए जा चुके हैं।

यहां हजारों युवाओं को मिल सकता है रोजगार

HSIIDC के प्रबंध निदेशक सुशील सरवन के मुताबिक, इनडेकोर सिटी के पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली-NCR के साथ-साथ सोहना और स्थानीय मेवात/नूंह क्षेत्र के युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
इंटीरियर और स्पेस डिजाइनिंग से जुड़े उद्योगों के आने से सीधे रोजगार के अलावा सप्लाई, लॉजिस्टिक्स, निर्माण, सर्विस और अन्य सहायक क्षेत्रों में भी रोजगार बढ़ने की संभावना है।

 इससे 'आत्मनिर्भर भारत' को मिलेगा बढ़ावा

सोहना IMT को एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके पीछे औद्योगिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और देश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना प्रमुख उद्देश्य है।
इनडेकोर सिटी के जरिए डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े कारोबार को एक जगह पर विकसित करने से स्थानीय उद्योगों और नई कंपनियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास होने का मिलेगा फायदा

आईएमटी सोहना की सबसे बड़ी खासियत इसकी कनेक्टिविटी है। यह गुरुग्राम से करीब 36 किलोमीटर और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 48 किलोमीटर की दूरी पर है।

यह क्षेत्र दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के नजदीक है। ऐसे में यहां स्थापित होने वाली कंपनियों के लिए कच्चे माल और तैयार उत्पादों की आवाजाही आसान हो सकती है। बेहतर सड़क और माल ढुलाई कनेक्टिविटी के कारण कंपनियों को अपने उत्पाद दूसरे शहरों और राज्यों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इससे सोहना IMT की औद्योगिक उपयोगिता और बढ़ने की उम्मीद है।

आगमो सोहना बन सकता है बड़ा औद्योगिक हब

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, इनडेकोर सिटी और पहले से विकसित हो रहे औद्योगिक भूखंडों के साथ सोहना IMT आने वाले समय में NCR के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल हो सकता है। नए उद्योगों और कंपनियों के आने से क्षेत्र में रोजगार, कारोबार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News