एशियन गेम्स 2026 में भारतीयों ने लहराया परचम, हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के लिए जीते कुल 32 पदक

 | 
एशियन गेम्स 2026 में भारतीयों ने लहराया परचम, हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के लिए जीते कुल 32 पदक

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। भारतीय दल ने 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य सहित कुल 85 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारत की इस शानदार उपलब्धि में हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भारतीय दल द्वारा जीते गए 21 स्वर्ण पदकों में से 14 स्वर्ण पदकों में हरियाणा के खिलाड़ियों की हिस्सेदारी रही।

हरियाणा के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश की खेल प्रतिभा और सामर्थ्य को दर्शाता है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने भी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मजबूत खेल संस्कृति और खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को अपने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व है।

भारतीय दल के 21 स्वर्ण पदकों में हरियाणा के खिलाड़ियों का 14 स्वर्ण पदकों में योगदान

एशियन गेम्स में भारत की स्वर्णिम उपलब्धि में हरियाणा के खिलाड़ियों की विशेष भूमिका रही। प्रदेश के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण पदक जीतने में योगदान दिया। इनमें 5 खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में, जबकि 9 खिलाड़ियों ने टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते।

हरियाणा की महिला खिलाड़ियों ने भी देश की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रदेश की 2 महिला खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते, जबकि 6 महिला खिलाड़ियों ने टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

रजत और कांस्य पदकों में भी हरियाणा की प्रभावी हिस्सेदारी

हरियाणा के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदकों के साथ-साथ रजत और कांस्य पदकों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रदेश के 4 खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में, जबकि 5 खिलाड़ियों ने टीम स्पर्धाओं में रजत पदक जीते।

इसी प्रकार, प्रदेश के 8 खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीते, जबकि एक टीम स्पर्धा में हरियाणा के खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर देश की पदक संख्या में योगदान दिया।

एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया। व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने हरियाणा की समृद्ध खेल परंपरा और प्रदेश में विकसित हो रही खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ तथा खेल दल से जुड़े सभी सदस्यों को भी बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News