हरियाणा में सिरसा हाई-वे पर बनेगा औद्योगिक क्लस्टर, IMC के नाम 990 एकड़ जमीन ट्रांसफर
Udaipur Times, Haryana news : अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत हिसार एयरपोर्ट के पास विकसित होने वाले इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के नाम जमीन ट्रांसफर हो गई है। सिविल एविएशन विभाग ने आईएमसी के नाम पहले चरण में 990 एकड़ जमीन की आधिकारिक रजिस्ट्री करा दी है। आईएमसी के लिए पहले चरण में चिह्नित की गई 1,605 एकड़ जमीन में से अभी इतनी ही जमीन कॉर्पोरेशन के नाम की गई है। सिविल एविएशन ने यह रजिस्ट्री एनआईसीडीसी हरियाणा मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर हिसार लिमिटेड कॉर्पोरेशन के नाम करवाई है। रिटायर्ड आईएएस एवं सीएम के चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर इसके चेयरमैन हैं।
आईएमसी प्रोजेक्ट राष्ट्रीय राजमार्गों एनएच-52 और एनएच-09 की बेहतरीन कनेक्टिविटी के कारण निवेशकों के लिए बेहद अच्छा साबित होगा। ढंढूर पुल के पास यह आईएमसी बनेगा। माल ढुलाई के लिए यह एयरपोर्ट के निकट होगा। यहां मजबूत रेल लिंक और आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब होगा। सिविल एविएशन की मानें तो इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में करीब 32,417 करोड़ का निवेश आ सकता है। जबकि इस पूरे प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब 4,680 करोड़ रुपए आंकी गई है। औद्योगिक क्षेत्र में करीब 1.25 लाख नई नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट
दिल्ली रोड
प्रस्तावित आईएमसी
चंडीगढ़ की तरफ
सिरसा रोड
₹624.49 करोड़ का शेयर मिला, बाकी जमीन मिलेगी
सिविल एविएशन से जुड़े अफसरों ने जानकारी दी कि इस प्रोजेक्ट में कॉर्पोरेशन और एनआईसीडीसी दोनों की हिस्सेदारी है। एक एजेंसी इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन उपलब्ध करा रही है, जबकि 49% शेयर के तहत इसे विकसित करने के लिए एनआईसीडीसी द्वारा फंड जारी किया जा रहा है। हाल ही में बोर्ड की बैठक में लिए फैसलों के अनुरूप, सिविल एविएशन को अभी 624.49 करोड़ रुपए दिए गए हैं, जिसके एवज में पहले फेज की यह रजिस्ट्री कराई गई है। जैसे-जैसे अन्य विभागों से बाकी शेयर मिलते जाएंगे, उसके अनुसार शेष जमीन की रजिस्ट्री भी कॉर्पोरेशन के नाम करा दी जाएगी।
सड़क नेटवर्क, सीवरेज पेयजल व्यवस्था होगी
यहां बता दें कि एयरपोर्ट के नजदीक कुल 2,988 एकड़ भूमि पर आईएमसी तैयार किया जाएगा। इसके पहले चरण में 1,605 एकड़ जमीन पर आधुनिक सुविधाओं का ताना-बाना बुना जाएगा। जिसमें मजबूत सड़क नेटवर्क और सीवरेज व्यवस्था। पेयजल आपूर्ति के लिए पुख्ता इंतजाम। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण। ग्रीनरी, संस्थागत भवन और उन्नत वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम बनाए जाने हैं। ये तमाम विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं तैयार होने के बाद यहां देश-विदेश की बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो सकेंगी।
❝ सिविल एविएशन ने 990 एकड़ जमीन आईएमसी के नाम रजिस्ट्री करा दी है। नगर निगम एरिया से भी इसकी एनओसी ली गई है। यह आईएमसी की पहली रजिस्ट्री है।❞ - मुकेश शर्मा, तहसीलदार हिसार