औद्योगिक विकास को मिलेगा बूस्ट ! NHAI यहां बनाएगा 7145 करोड़ रुपये का118 KM का नया हाईवे
Udaipur Times, New Highway : कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश को एक और बड़ी सड़क परियोजना की सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने कानपुर और कबरई के बीच 118 किलोमीटर लंबे एक्सेस कंट्रोल ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का उद्देश्य कानपुर को बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों से बेहतर तरीके से जोड़ना है, जिससे उद्योग, व्यापार और माल ढुलाई को नई गति मिलेगी।
7,145 करोड़ रुपये की परियोजना
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अनुसार, इस हाईवे के निर्माण पर करीब 7,145 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) टोल मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यानी हाईवे बनने के बाद इस पर टोल टैक्स भी वसूला जाएगा।
आधे से भी कम होगा सफर का समय
वर्तमान में कानपुर से कबरई तक सड़क मार्ग से पहुंचने में 3.5 घंटे से अधिक का समय लगता है। नया हाईवे बनने के बाद यही दूरी करीब 1.5 घंटे में तय की जा सकेगी। इस एक्सेस कंट्रोल फोरलेन कॉरिडोर पर वाहन 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसे 6 लेन तक विस्तारित भी किया जा सकेगा।
इकोनॉमिक कॉरिडोर को मिलेगी मजबूती
यह परियोजना कानपुर-भोपाल इकोनॉमिक कॉरिडोर को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इसके जरिए कानपुर की औद्योगिक गतिविधियों को मध्य प्रदेश के खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
कई हाईवे और एक्सप्रेसवे से होगा कनेक्शन
नया हाईवे NH-34, NH-35 और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ाया जाएगा। इसके अलावा इसे कानपुर रिंग रोड और राज्य राजमार्ग SH-46, SH-91, SH-10B और SH-42 से भी जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय यातायात दोनों को बड़ा फायदा मिलेगा।
उद्योग और कारोबार को होगा लाभ
हाईवे बनने के बाद माल ढुलाई की लागत कम होगी, यात्रा का समय घटेगा और सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा। यह परियोजना प्रधानमंत्री गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत विकसित किए जा रहे 16 इकोनॉमिक कॉरिडोर को जोड़ने की योजना का हिस्सा है।
इस हाईवे से उन्नाव, बंथरा, रनिया, चैनपुर, रूमा, चकेरी, सुमेरपुर और भूरागढ़ जैसे क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही ट्रांस गंगा टाउनशिप, ग्रोथ सेंटर और औद्योगिक इकाइयों तक सीधी पहुंच आसान हो जाएगी।
कुल मिलाकर, कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड हाईवे उत्तर प्रदेश के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती देने के साथ-साथ उद्योग, व्यापार और क्षेत्रीय विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
