हरियाणा में ग्रुप ए और बी की भर्तियों को लेकर इनेलो का प्रदर्शन, बाहरी लोगों को भर्ती करने का आरोप, स्थानीय युवाओं को बना रहे चपड़ासी

 | 

चंडीगढ़,18 मई। इंडियन नेशनल लोकदल ने सोमवार को सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में धांधली, योग्य होते हुए भी अयोग्य घोषित किए जाने और ग्रुप बी की नौकरियों में 90 प्रतिशत हरियाणा प्रदेश से बाहर के भाजपा शासित प्रदेशों के लोगों की भर्ती की जाने और हरियाणा के योग्य युवाओं की घोर अनदेखी किए जाने पर पंचकूला स्थित हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और पंचकूला की एडीसी को महामहिम राज्यपाल के नाम पर ज्ञापन सौंपा। 

इस दौरान इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, विधायक अदित्य देवीलाल, युवा राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला, विधायक अर्जुन चौटाला और प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव संपत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डा. सतबीर सैनी, युवा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी, आईएसओ के प्रदेश अध्यक्ष साहिल दीप कस्वां समेत कई पूर्व विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार दावा करती है कि बिना पर्ची बिना खर्ची के सरकारी नौकरियों की भर्ती एचपीएससी द्वारा की जा रही हैं जो सरासर झूठ का पुलिंदा है। किस तरह से हरियाणा से बाहर के भाजपा शासित प्रदेशों के लोगों को लाकर के यहां भर्ती किया जा रहा है और हमारे बच्चे जो पीएचडी, नेट पास, एमए, एमफिल, एमटेक हैं उनको चपड़ासी के पद पर लगाया जा रहा है। और जो ए और बी ग्रुप की गजटेड पोस्ट हैं उनपर बाहर के भाजपा शासित प्रदेशों से आरएसएस के लोगों को लगाया जा रहा है। ये जो आरएसएस के लोग हैं इन्हें पहले ट्रेन किया जाता है फिर उन्हें अलग अलग प्रदेशों में भेजकर भर्ती करके आरएसएस को बढ़ावा देने के लिए स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटीज में भर्ती करके जिम्मेवारी लगाई जाती है। हमारे बच्चों के साथ अन्याय हो यह किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

इसलिए आज हम महामहिम राज्यपाल के माध्यम से बताने आए हैं कि जल्दी राज्यपाल इसके ऊपर संज्ञान लेकर एचपीएससी पर प्रतिबंध लगाए और सरकार को इस बात के लिए अवगत करवाएं कि बीजेपी सरकार जो कर रही है वो हरियाणा के बच्चों के साथ अन्याय है। अगर ऐसा नहीं होता है तो हम जल्द ही पूरे प्रदेश का कार्यक्रम बनाएंगे और युवाओं और उनके माता पिता के पास जाकर पूरे मामले से अवगत करवाएंगे और इस बात के तैयार करेंगे कि इनेलो पार्टी उनके बच्चों के साथ खड़े होकर न्याय दिलाना चाहती है।


प्रदर्शन को शांति पूर्वक करने के सवाल का जवाब देते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार ने तो आज इसे उछालने की पूरी कौशिश की है। ये बैरिकेड लगाने की क्या जरूरत थी। हम कोई हिंसा या तोड़ फोड़ करने नहीं आए हैं। हम सिर्फ अपनी बात रखने आए हैं। ये सब बीजेपी सरकार के ड्रामे हैं। यहां जो पुलिस लगा रखी है वो सभी भी हरियाणा के हैं और वो भी समझते हैं कि आज हम जो कर रहे हैं उनके बच्चों के लिए ही कर रहे हैं।

इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो संपत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज हमारे देश में 35 साल तक के युवाओं की आबादी आधी है। युवा ही हमारे देश और प्रदेश का भविष्य है जिसको बीजेपी सरकार बेरोजगार रख कर कमजोर करना चाहती है। प्रदेश के सभी संस्थानों पर आरएसएस के लोगों का कब्जा किया जा चुका है और संघ की जनविरोधी विचारधारा को लागू किया जा रहा है।

इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी ने अब तक जितनी भी ए और बी ग्रुप की नौकरियों की भर्ती की है उनमें से 90 प्रतिशत हरियाणा से बाहर के लोगों को भर्ती किया गया है। असिस्टेंट प्रोफेसर कैमिस्ट्री के 23, असिस्टेंट प्रोफेसर जियोलॉजी के 11, असिस्टेंट प्रोफेसर बोटनी के 12, असिस्टेंट प्रोफेसर पॉलिटीकल साइंस के 11, असिस्टेंट प्रोफेसर जियोग्राफी के 69, असिस्टेंट प्रोफेसर हिस्ट्री के 19, असिस्टेंट प्रोफेसर पंजाबी के 9, असिस्टेंट प्रोफेसर फिजिक्स के 16, असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी के 41 और असिस्टेंट प्रोफेसर इकनोमिक्स के 3 हरियाणा से बाहर के प्रदेशों के लोगों को भर्ती किया गया है।

युवा राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार युवाओं के भविष्य को उजाड़ रही है। प्रदेश का युवा पूरे देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी की मार झेल रहा है। बेरोजगारी के कारण युवा नशे की तरफ जा रहा है जिससे उसकी और उसके परिवार की जिंदगी नर्क बन गई है। बेरोजगारी के कारण युवा अपराध का रास्ता भी अपना रहा है। उन्होंने बीजेपी सरकार को चेताते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के खिलाफ षडय़ंत्र रचना छोड़ कर उनको रोजगार देने की तरफ ध्यान दे।

आईएसओ के राष्ट्रीय प्रभारी अर्जुन चौटाला ने कहा कि हमारे हरियाणा का युवा चाहे जितना भी पढ़ ले, चाहे पीएचडी कर ले या एमटेक कर ले बीजेपी सरकार उन्हें लगाएगी सिर्फ चपड़ासी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News