हरियाणा में ESIC कार्यालय का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में ESIC कार्यालय का इंस्पेक्टर गिरफ्तार, 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

चंडीगढ़ 17 नवंबर : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ईएसआईसी, औद्योगिक क्षेत्र, हिसार में तैनात इंस्पेक्टर आनंद कुमार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता के स्कूल में कार्यरत एक कर्मचारी की बेटी के दाखिले का सत्यापन करने की एवज में कुल 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 10 हजार रुपये आरोपी पहले ही ले चुका था, जबकि शेष 30 हजार रुपये लेते हुए उसे एसवी एवं एसीबी की टीम ने काबू कर लिया।

दाखिले का सत्यापन करने के बदले मांगी थी 40 हजार रुपये की रिश्वत

प्राप्त जानकारी के अनुसार ने एसवी एवं एसीबी को शिकायत दी थी कि ईएसआईसी, औद्योगिक क्षेत्र, हिसार में तैनात इंस्पेक्टर आनंद कुमार उससे उसके स्कूल में कार्यरत एक कर्मचारी की बेटी के दाखिले का सत्यापन करने के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। आरोपी पहले ही 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था। शिकायत के आधार पर एसवी एवं एसीबी हिसार की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी इंस्पेक्टर आनंद कुमार को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की शेष रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बीएनएस के तहत मामला दर्ज

इस संबंध में थाना एसवी एवं एसीबी हिसार में एफआईआर नंबर 47, दिनांक 17 नवंबर 2026, धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप की कार्रवाई इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, एसवी एवं एसीबी हिसार के नेतृत्व में की गई। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री सीताराम, जिला कृषि अधिकारी (डीएओ), हिसार मौजूद रहे। ट्रैप की पूरी प्रक्रिया भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के अनुसार पूरी की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

‘सतर्क हरियाणा’ ऐप और हेल्पलाइन के माध्यम से दें भ्रष्टाचार की सूचना

एसवी एवं एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह ऐप एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत दी जा सकती है।

शिकायतकर्ताओं की गोपनीयता को विशेष महत्व दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि बिना किसी भय या संकोच के भ्रष्टाचार की सूचना दें और प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News