हरियाणा-राजस्थान के इस एरिया में फैला बीमा फर्जीवाड़ा, मृत व्यक्तियों का इंश्योरेंस और फिर फर्जी तरीके से लाखों का क्लेम

 | 
हरियाणा-राजस्थान के इस एरिया में फैला बीमा फर्जीवाड़ा, मृत व्यक्तियों का इंश्योरेंस और फिर फर्जी तरीके से लाखों का क्लेम 

Udaipur Times, Bima Claim Fraud News : राजस्थान के भादरा और हनुमानगढ़ से लेकर हरियाणा के हिसार और फतेहाबाद तक फैला करोड़ों रुपए का बीमा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। यह गिरोह पहले से मृत व्यक्तियों के नाम पर नई बीमा पॉलिसीयां जारी कराकर फर्जी क्लेम हड़पता था।

हिसार के रोहताश की मौत के बाद फर्जी पते और साले की फोटो लगाकर 6.88 लाख रुपए का क्लेम ले लिया। वहीं, भादरा के रामस्वरूप की मौत की फर्जी तारीख दर्ज कराई और वीडियो केवाईसी के दौरान किसी अन्य व्यक्ति को डमी बनाकर कैमरे के सामने बैठाया गया।

इसके अलावा हनुमानगढ़ के महेंद्र की मौत के बाद फर्जी बैंक खाता खुलवाकर 19.50 लाख रुपए का क्लेम पास कराया गया, जिसकी अधिकांश राशि एजेंटों ने हड़प ली। फर्जीवाड़े का खुलासा हिसार के मृत्यु रिकॉर्ड, आंगनबाड़ी रजिस्टर व वीडियो कॉल के फोटो से हुआ है। इस फर्जीवाड़े के दो मामलों में पुलिस को शिकायत भी की गई है। अब जांच एजेंसियां सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।

फर्जीवाड़े के 3 स्टेप...

1. मृतकी की तलाश: यह गिरोह ऐसे परिवार तलाश करता है, जिनमें 60 वर्ष से कम उम्र के व्यक्ति की मौत हुई हो। परिजनों को लालच देकर साथ मांगते हैं।

2. बीमा पॉलिसी: फर्जी दस्तावेज लगाकर नई बीमा पॉलिसी करवाते हैं। कुछ किस्तें भी खुद भरते हैं।

3. क्लेम: मृतक का किसी बैंक में खाता खुलवाकर फर्जी तिथि वाले मृत्यु प्रमाण पत्र से क्लेम हड़प लेते हैं।

इन 3 केस से समझिये... दलाल और परिजनों की मिलीभगत से कैसे लिया बीमा क्लेम

1 पॉलिसी में मृतक के साले की फोटो लगाकर 6.88 लाख लिए

हिसार के रोहताश की मृत्यु 31 अक्टूबर 2024 को हुई। उनके नाम से बीमा पॉलिसी कराई गई। राजस्थान के बीमा जांच अधिकारी श्यामसुंदर ने गोगामेड़ी थाने में दी शिकायत में बताया कि पॉलिसी में लगी फोटो रोहताश के साले की निकली। रोहताश की पत्नी से साथ मिलकर बैजलपुर के बंसीलाल, सुरेंद्र व सुरेंद्र बैनीवाल ने प्राइवेट कंपनी से 6.88 लाख रुपए का पॉलिसी क्लेम लिया। मृत्यु के बाद रोहताश का पता बदलकर राजस्थान के नेठराना का दर्शाया था।

2 बंसीलाल की लाइव फोटो से रामस्वरूप का बीमा कराया

राजस्थान के भादरा क्षेत्र के अजीतपुरा निवासी रामस्वरूप की 27 अक्टूबर 2024 को मौत हो गई, लेकिन बीमा क्लेम के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र में मौत की तारीख 15 जनवरी 2025 दर्ज कराई गई। बीमा आवेदन के समय रामस्वरूप की जगह फतेहाबाद के बैजलपुर निवासी बंसीलाल की फोटो लगाई गई। लाइव वेरिफिकेशन में भी बंसीलाल ही था। कंपनी द्वारा सुरक्षित रखा गया लाइव फोटो अब जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य है।

3 मौत के बाद बैंक खाता, पॉलिसी से 19.50 लाख का क्लेम लिया

यह मामला हनुमानगढ़ के महेंद्र का है। महेंद्र के भाई ईश्वर ने इंश्योरेंस कंपनी को दी शिकायत में कहा कि महेंद्र की मृत्यु 12 दिसंबर 2024 को हो चुकी थी। मृत्यु के 15-20 दिन बाद गांव के बीमा एजेंट संजय, बलवान व महेंद्र ने मृतक की पत्नी को बिना प्रीमियम बीमा कराने का झांसा दिया। पहले मृतक का बैंक में खाता खुलवाया, फिर बीमा पॉलिसी कराई। 30 अप्रैल 2025 का कथित फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर 19.50 लाख रुपए क्लेम लिया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News