हरियाणा के 3 रेलवे फाटकों के स्थान पर बनेगा एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज, लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा

 | 
हरियाणा के 3 रेलवे फाटकों के स्थान पर बनेगा एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज, लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज चंडीगढ़ में आयोजित बैठक में रेवाड़ी जिले में स्थित तीन व्यस्त रेलवे लेवल क्रॉसिंग के स्थान पर एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज (Integrated ROB) के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शहर में लंबे समय से रेलवे फाटकों के कारण लगने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा तथा यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित और निर्बाध बनेगा।

हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिजेज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSRDC) द्वारा क्रियान्वित की जाने वाली इस परियोजना की अनुमानित लागत 207.29 करोड़ रुपये है।

बैठक में लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अपूर्व कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद रेलवे फाटकों के बार-बार बंद रहने से होने वाली देरी समाप्त होगी और वाहनों का आवागमन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से हो सकेगा। इससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को विशेष सुविधा मिलेगी।

परियोजना के अंतर्गत दो लेन एवं चार लेन रेलवे ओवरब्रिज के साथ आवश्यक स्थानों पर रोड अंडरब्रिज (RUB), सर्विस रोड तथा अन्य आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़क और रेलवे यातायात पूरी तरह अलग हो जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना में उल्लेखनीय कमी आएगी और सड़क सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

यह परियोजना रेवाड़ी शहर में यातायात का दबाव कम करने, यात्रा समय और वाहन संचालन लागत में कमी लाने तथा क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, इससे औद्योगिक, व्यापारिक एवं शहरी विकास को भी नई गति मिलेगी, जिससे रेवाड़ी जिले की आर्थिक गतिविधियों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News